सीएम सम्राट चौधरी ने की भारत-नेपाल सीमा सुरक्षा की उच्चस्तरीय समीक्षा, दिए कई कड़े निर्देश

सीएम सम्राट चौधरी ने भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। सीएम ने बैठक में राज्य और देश की सुरक्षा को सर्वोपरी बताया और तस्करी और अवैध आवाजाही पर रोक लगाने के लिए कड़े निर्देश दिए....

सीएम सम्राट चौधरी ने की भारत-नेपाल सीमा सुरक्षा की उच्चस्तरी

Patna : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) के माध्यम से हुई इस महत्वपूर्ण बैठक में गृह विभाग, पुलिस मुख्यालय, जिला प्रशासन और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) समेत अन्य सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया।


सीमा से जुड़े संवेदनशील मुद्दों पर चर्चा

इस उच्चस्तरीय बैठक में भारत-नेपाल सीमा से जुड़े तमाम संवेदनशील मुद्दों पर विस्तार से समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सीमावर्ती जिलों की मौजूदा सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी तंत्र, गश्ती व्यवस्था और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच आपसी समन्वय की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों ने सीमा से लगे जिलों की सुरक्षा तैयारियों और वर्तमान जमीनी हालात पर एक विस्तृत प्रस्तुति (प्रेजेंटेशन) भी दी।


तस्करी और अवैध आवाजाही रोकने पर जोर

समीक्षा के दौरान सीमा पार से होने वाली संदिग्ध गतिविधियों, अंतरराष्ट्रीय तस्करी, अवैध घुसपैठ और अन्य सुरक्षा चुनौतियों पर विशेष रूप से मंथन किया गया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कड़े लहजे में निर्देशित किया कि सीमा सुरक्षा में किसी भी प्रकार की कोताही या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को हर स्तर पर और अधिक अभेद्य और मजबूत बनाने का आदेश दिया।


आधुनिक तकनीक और गश्त बढ़ाने के निर्देश

सुरक्षा को चाक-चौबंद करने के लिए मुख्यमंत्री ने सीमावर्ती क्षेत्रों में नियमित गश्त (पेट्रोलिंग) बढ़ाने और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त चौकसी बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था में आधुनिक तकनीक के अधिकतम उपयोग पर जोर दिया। इसके साथ ही, एसएसबी, स्थानीय पुलिस और खुफिया एजेंसियों के बीच सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान (इंटेलिजेंस शेयरिंग) की व्यवस्था को और प्रभावी बनाने को कहा।


राज्य और देश की सुरक्षा सर्वोपरि: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सीमा से सटे जिलों के प्रशासनिक अधिकारियों को पूरी तरह सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल साझा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सीमा की सुरक्षा राज्य और देश की सुरक्षा से जुड़ा बेहद गंभीर विषय है, इसलिए सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएं। बैठक में मौजूद अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि सीमा क्षेत्र को सुदृढ़ करने के लिए सभी कदम प्राथमिकता के आधार पर उठाए जाएंगे।


वंदना की रिपोर्ट