Bihar News: सीएम नीतीश आज बिहार के 4954 एएनएम को सौंपेंगे नियुक्ति पत्र, हजारों युवाओं को मिलेगा रोजगार

Bihar News: बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज 4954 एएनएम को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा।

सीएम नीतीश
सीएम सौंपेंगे नियुक्ति पत्र - फोटो : social media

Bihar News: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज हजारों एएनएम को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। सीएम नीतीश बुधवार को 4954 एएनएम (ऑक्सिलरी नर्स मिडवाइफ) को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। यह कार्यक्रम पटना के ऊर्जा ऑडिटोरियम में आयोजित होगा। इस मौके पर दोनों उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे भी मौजूद रहेंगे।

सरकार का उद्देश्य 

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, ये नियुक्तियां लंबे समय से लंबित प्रक्रिया का हिस्सा थीं, जिन्हें अब पूरा किया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य राज्य के हर हिस्से में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाना और खासकर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करना है। एएनएम को स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ माना जाता है।

स्वास्थ्य क्षेत्र में अहम सुधार 

ये टीकाकरण, प्रसव सेवाओं और प्राथमिक उपचार जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाती हैं। ऐसे में बड़ी संख्या में एएनएम की नियुक्ति को स्वास्थ्य क्षेत्र में एक अहम सुधार के रूप में देखा जा रहा है। सरकार की इस पहल से जहां हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा, वहीं ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं भी जमीनी स्तर पर मजबूत होंगी।