10 अप्रैल को राज्यसभा में शपथ लेंगे नीतीश कुमार ! बिहार के सीएम पद से इस दिन इस्तीफा, जानिए कौन होंगे अगले मुख्यमंत्री

बताया जा रहा है कि 10 अप्रैल को ही दिल्ली में प्रारंभिक सहमति बनाने की कोशिश होगी। इसके बाद पटना में एनडीए विधायक दल की बैठक बुलाई जाएगी, जिसमें नए नेता के नाम पर मुहर लग सकती है।

Nitish Kumar
Nitish Kumar - फोटो : news4nation

Nitish Kumar : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सीएम पद छोड़ने और राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने पर अंतिम सहमति और तारीख तय होने लगी है। नीतीश कुमार 10 अप्रैल को दिल्ली में राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ लेंगे। सूत्रों के अनुसार उनके शपथ ग्रहण के तुरंत बाद राष्ट्रीय राजधानी में भारतीय जनता पार्टी की एक अहम बैठक प्रस्तावित है, जिसमें बिहार के सियासी भविष्य को लेकर मंथन किया जाएगा।


सूत्रों के मुताबिक, इस हाई-लेवल बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ बिहार बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और अन्य कोर ग्रुप के सदस्य मौजूद रहेंगे। बैठक का मुख्य एजेंडा बिहार में नई सरकार के गठन और संभावित मुख्यमंत्री के नाम पर चर्चा करना है।


बताया जा रहा है कि 10 अप्रैल को ही दिल्ली में प्रारंभिक सहमति बनाने की कोशिश होगी। इसके बाद पटना में एनडीए विधायक दल की बैठक बुलाई जाएगी, जिसमें नए नेता के नाम पर मुहर लग सकती है। सूत्रों के अनुसार, आम सहमति बनने के बाद नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं, जिससे राज्य में नेतृत्व परिवर्तन का रास्ता साफ हो जाएगा।


इसी क्रम में 12 अप्रैल को विधानमंडल दल की बैठक भी प्रस्तावित है, जहां नए मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम निर्णय लिया जा सकता है। राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा है कि खरमास समाप्त होने के बाद 15 अप्रैल को नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जा सकता है। 


इस संभावित शपथ समारोह में अमित शाह समेत बीजेपी के कई शीर्ष नेताओं के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में आने वाले कुछ दिन बिहार की राजनीति के लिए बेहद निर्णायक साबित हो सकते हैं।