Bihar Train News: छठ के बाद बिहार से दिल्ली-मुंबई जाने वालों की आफत, 30 नवंबर तक ट्रेनों में नो कन्फर्म टिकट

Bihar Train News: छठ महापर्व खत्म होते ही बिहार से दूसरे राज्यों की ओर लौटने वाले यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।...

Bihar Train News: छठ के बाद बिहार से दिल्ली-मुंबई जाने वालों
बिहार से दिल्ली-मुंबई जाने वालों की आफत- फोटो : Hiresh Kumar

Bihar Train News: छठ महापर्व खत्म होते ही बिहार से दूसरे राज्यों की ओर लौटने वाले यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। त्योहार मनाकर अब नौकरी और कारोबार पर वापस जाने की तैयारी कर रहे लोगों को ट्रेन का टिकट नहीं मिल रहा है। पटना से दिल्ली, मुंबई और सूरत जाने वाली नियमित और स्पेशल ट्रेनों में 30 नवंबर तक कन्फर्म सीटों का संकट बना हुआ है। कई ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट है तो कुछ में टिकट बुकिंग पर सीधे रिग्रेट दिख रहा है। ऐसे में यात्रियों के सामने सबसे बड़ी परेशानी यह है कि आखिर समय पर अपने कामकाज की जगह कैसे पहुंचें।

दिल्ली जाने वाले यात्रियों की हालत सबसे ज्यादा खराब है। पटना से दिल्ली और आनंद विहार के लिए चलने वाली करीब 20 ट्रेनों में 30 नवंबर तक कन्फर्म टिकट उपलब्ध नहीं है। सिक्किम महानंदा, फरक्का, सीमांचल, नॉर्थ ईस्ट, ब्रह्मपुत्र मेल और संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस जैसी प्रमुख ट्रेनों में 26 नवंबर तक रिग्रेट की स्थिति है। इसका मतलब है कि संबंधित तारीखों में टिकट मिलने की उम्मीद भी नहीं है। गरीब रथ एक्सप्रेस में चार दिसंबर तक यही स्थिति बनी हुई है। वहीं श्रमजीवी, पूर्वा, विक्रमशिला, मगध एक्सप्रेस और तेजस राजधानी समेत दूसरी ट्रेनों में लंबी प्रतीक्षा सूची चल रही है।

मुंबई जाने वालों के लिए भी कोई खास राहत नहीं है। पटना से मुंबई के लिए उपलब्ध सात ट्रेनों में 30 नवंबर तक कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहा है। दानापुर-एलटीटी स्पेशल, सहरसा-एलटीटी स्पेशल, रक्सौल-एलटीटी स्पेशल, पाटलिपुत्र-एलटीटी और राजगीर-एलटीटी एक्सप्रेस में वेटिंग चल रही है। डिब्रूगढ़-एलटीटी एक्सप्रेस में तीन दिसंबर तक रिग्रेट की स्थिति बताई गई है।

गुजरात जाने वाले यात्रियों की परेशानी भी कम नहीं है। सूरत और उधना के लिए चलने वाली सहरसा-अहमदाबाद, भागलपुर-सूरत और हाजीपुर-उधना स्पेशल ट्रेनों में 30 नवंबर तक प्रतीक्षा सूची है। ऐसे में गुजरात में नौकरी करने वाले लोगों के लिए भी वापसी का सफर मुश्किल हो गया है।

हालांकि, इस भीड़ के बीच रेलवे की ट्रेन ऑन डिमांड (TOD) सेवाएं यात्रियों के लिए उम्मीद की किरण बनी हुई हैं। पूर्व मध्य रेलवे की ओर से यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए मांग के मुताबिक विशेष ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है। इन ट्रेनों का उद्देश्य यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए अतिरिक्त सीटें उपलब्ध कराना है।

फिलहाल नियमित ट्रेनों में जगह नहीं मिलने से यात्रियों की नजरें अतिरिक्त ट्रेनों पर टिकी हैं। त्योहार के बाद घर से काम पर लौटने की इस जल्दबाजी में कन्फर्म टिकट हासिल करना बड़ी चुनौती बन गया है।