सम्राट सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार 7 मई को, गांधी मैदान में दिखेगा NDA का शक्ति प्रदर्शन, पीएम मोदी भी रहेंगे मौजूद !

सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बनी बिहार की भाजपा सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार काफी भव्य होगा. इसके लिए पटना के गांधी मैदान में खास तैयारी की गई है जो NDA की ताकत दिखाने वाला भी होगा.

Bihar Cabinet expansion
Bihar Cabinet expansion- फोटो : news4nation

Bihar Cabinet expansion : गांधी मैदान में 7 मई को बिहार की सियासत का बड़ा आयोजन होने जा रहा है। NDA सरकार का बहुप्रतीक्षित मंत्रिमंडल विस्तार   सिर्फ शपथ ग्रहण समारोह नहीं बल्कि सियासी ताकत के बड़े प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बनने वाले नए मंत्रिमंडल में कई नए चेहरों को मौका मिलने की चर्चा है। राज्यपाल सय्यद अता हसनैन नए मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। इस खास मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह समेत भाजपा के कई बड़े नेता मौजूद रह सकते हैं, जिससे कार्यक्रम की राजनीतिक अहमियत और बढ़ जाती है।


सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी हाल ही में दिल्ली से लौटे हैं, जहां उन्होंने अमित शाह के साथ-साथ NDA के सहयोगी दलों—जदयू के राजीव रंजन सिंह, हम के जीतन राम मांझी और लोजपा (रा) के चिराग पासवान—के साथ गहन मंथन किया। माना जा रहा है कि मंत्रियों की सूची लगभग तैयार हो चुकी है और अब केवल औपचारिक घोषणा बाकी है।


243 सदस्यीय विधानसभा में अधिकतम 30 मंत्रियों की संवैधानिक सीमा के भीतर इस विस्तार में सामाजिक और राजनीतिक संतुलन साधना बड़ी चुनौती होगी। खबर यह भी है कि इस बार भाजपा और जदयू के बीच कुछ अहम विभागों की अदला-बदली हो सकती है। नीतीश कुमार की पिछली सरकार में भाजपा के पास रहे कुछ विभाग जदयू को दिए जाने की संभावना जताई जा रही है, जिससे गठबंधन के भीतर संतुलन मजबूत करने की कोशिश होगी।


गांधी मैदान में भव्य मंच तैयार किया जा रहा है और सुरक्षा से लेकर प्रोटोकॉल तक की तैयारियां तेज़ हैं। टेंट, बैरिकेडिंग और वीवीआईपी मूवमेंट को ध्यान में रखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड में है। साफ है कि यह आयोजन केवल सरकारी प्रक्रिया नहीं, बल्कि NDA की एकजुटता और ताकत दिखाने का बड़ा मंच बनने जा रहा है।