पटना में BSSC दफ्तर पर अभ्यर्थियों का हल्ला बोल, भर्ती में देरी पर फूटा अभ्यर्थियों का गुस्सा, दफ्तर का घेराव

विभिन्न परीक्षाओं के आयोजन और संविदा कर्मियों के मुद्दे पर BSSC कार्यालय का घेराव करने पहुंचे अभ्यर्थी मंगलवार को जमकर प्रदर्शन किया

BSSC Aspirants Stage Protest in Patna
BSSC Aspirants Stage Protest in Patna- फोटो : news4nation

Bihar News : बिहार कर्मचारी चयन आयोग (BSSC) कार्यालय के बाहर मंगलवार को सैकड़ों अभ्यर्थियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। सुबह करीब 10 बजे बड़ी संख्या में अभ्यर्थी पटना हवाई अड्डा के समीप स्थित बिहार वेटरिनरी कॉलेज के पास से मार्च करते हुए बीएसएससी कार्यालय पहुंचे और आयोग का घेराव किया।


प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों की प्रमुख मांग बिहार इंटरमीडिएट (10+2) भर्ती परीक्षा, बीएसएससी संयुक्त स्नातक स्तरीय (CGL-4) परीक्षा और ब्लॉक सांख्यिकी पदाधिकारी (BSO) परीक्षा जल्द आयोजित कराने की थी। इसके साथ ही अभ्यर्थियों ने संविदा कर्मियों से जुड़े मुद्दों पर भी सरकार और आयोग से स्पष्ट नीति बनाने की मांग उठाई।


प्रदर्शनकारियों का कहना था कि लंबे समय से भर्ती परीक्षाएं लंबित हैं, जिससे लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भर्ती प्रक्रिया में लगातार हो रही देरी के कारण अभ्यर्थियों को आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।


अभ्यर्थियों ने आयोग से सभी लंबित भर्तियों का स्पष्ट परीक्षा कैलेंडर जारी करने और समयबद्ध तरीके से भर्ती प्रक्रिया पूरी करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई। फिलहाल आयोग की ओर से प्रदर्शनकारियों की मांगों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।


रिपोर्ट: अनिल, पटना