BPSC TRE-4.0: बिहार में 32,388 शिक्षक पदों पर भर्ती के लिए नया विज्ञापन जारी, पिछला नोटिफिकेशन हुआ रद्द, जानिए पूरा डिटेल
शिक्षक बहाली की इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए खुशखबरी है। बीपीएससी ने TRE-4.0 की अधिसूचना जारी कर दी है। आयोग की ओर से पिछला नोटिफिकेशन को रद्द करते हुए 32,388 पदों पर बहाली निकाली गई है......
Patna : बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने शिक्षा विभाग के अंतर्गत चतुर्थ चरण की विद्यालय अध्यापक भर्ती परीक्षा (TRE-4.0) के लिए नई अधिसूचना जारी कर दी है। आयोग द्वारा जारी विज्ञापन संख्या 15/2026 के तहत राज्य के विद्यालयों में कुल 32,388 (बत्तीस हजार तीन सौ अठासी) पदों पर नियुक्ति के लिए सुयोग्य भारतीय उम्मीदवारों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.bpsc.bihar.gov.in पर जाकर विस्तृत दिशा-निर्देश देख सकते हैं।
वर्ग 1-5 और 6-8 के लिए पदों का ब्योरा
अधिसूचना के अनुसार, प्राथमिक विद्यालयों (वर्ग 1 से 5) के अध्यापकों के लिए कुल 3,847 पद अधिसूचित किए गए हैं। वहीं मध्य विद्यालयों (वर्ग 6 से 8) के अध्यापकों के लिए कुल 8,563 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। वर्ग 1 से 5 के तहत सामान्य, उर्दू और बांग्ला तथा वर्ग 6 से 8 में गणित एवं विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, हिंदी आदि विषयों के लिए आरक्षण कोटिवार सीटों का विवरण जारी किया गया है, जिसमें महिलाओं के लिए 50% क्षैतिज आरक्षण का प्रावधान रखा गया है।
पुराना विज्ञापन रद्द, नए सिरे से जारी हुआ नोटिफिकेशन
आयोग ने स्पष्ट किया है कि इससे पूर्व 18 अगस्त 2026 को प्रकाशित विज्ञापन संख्या 14/2026 को निरस्त कर दिया गया है। अब 22 सितंबर 2026 को जारी विज्ञापन संख्या 15/2026 के माध्यम से ही बहाली प्रक्रिया पूरी की जाएगी। संशोधित रोस्टर और रिक्ति विवरणी के आधार पर सभी योग्य अभ्यर्थियों को नए सिरे से आवेदन करने का अवसर दिया गया है।
शिक्षकों के बड़े पैमाने पर नियोजन से अभ्यर्थियों में उम्मीद
BPSC TRE-4.0 के तहत 32 हजार से अधिक पदों पर बहाली की प्रक्रिया शुरू होने से राज्य के लाखों शिक्षक अभ्यर्थियों में उत्साह है। आयोग द्वारा जल्द ही ऑनलाइन आवेदन की तिथियों और परीक्षा की समय-सारणी से संबंधित विस्तृत गाइडलाइन पोर्टल पर अपलोड की जाएगी। अभ्यर्थियों को केवल आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ही आवेदन पत्र भरने की सलाह दी गई है।

अभिजीत की रिपोर्ट