Patna Crime News - पुलिस हेडक्वार्टर के ठीक सामने मिला युवक का शव, जांच में जुटी FSL की टीम
पटना में पुलिस मुख्यालय (सरदार पटेल भवन) के ठीक सामने युवक का शव मिलने से सनसनी। मौके पर FSL टीम और कई थानों की पुलिस तैनात। जांच जारी।
Patna - पटना के सबसे हाई-सिक्योरिटी जोन से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है। बिहार पुलिस मुख्यालय (सरदार पटेल भवन) के ठीक सामने सड़क किनारे एक युवक का शव बरामद किया गया है। पुलिस हेडक्वार्टर के बिल्कुल नजदीक इस तरह शव मिलने से पुलिस महकमे और राजधानी के प्रशासनिक गलियारे में हड़कंप मच गया है।
हाई-प्रोफाइल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात
घटनास्थल की संवेदनशीलता को देखते हुए सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुँच गई है। यह मामला सचिवालय थाना क्षेत्र का है, जिसकी पुष्टि सचिवालय डीएसपी-1 डॉ. अनु कुमारी ने की है। जिस स्थान पर शव मिला है, वह राजधानी के सबसे सुरक्षित इलाकों में से एक माना जाता है। भारी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी के बीच सड़क पर लोगों की भीड़ भी जमा हो गई है।
जांच के लिए बुलाई गई FSL की टीम
मौके पर पहुँची पुलिस ने पूरे इलाके को अपनी निगरानी में ले लिया है। मौत के कारणों का पता लगाने और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए FSL (विधि विज्ञान प्रयोगशाला) की टीम को भी बुलाया गया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, युवक पैदल था और उसकी मौत हार्ट अटैक से होने की आशंका जताई जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह
फिलहाल पुलिस मृतक युवक की पहचान करने की कोशिश में जुटी है। पुलिस के अनुसार, मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट (क्लियर) हो पाएगी। पुलिस अब आसपास के सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाल रही है ताकि इस रहस्यमयी मौत से जुड़ी कड़ियों को जोड़ा जा सके।
रिपोर्ट - अनिल कुमार