Crime News: मुंह में कागज ठुंसकर आंखें फोड़ी, भाजपा नेता के पिता की निर्मम हत्या, इलाके में फैली सनसनी
Crime News: बेखौफ अपराधियों ने भाजपा नेता के पिता की निर्मम हत्या कर दी है। अपराधियों ने मृतक के मुंह में कागज ठुंसकर आंखें फोड़ दी। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।
Crime News: भाजपा नेता के पिता की बेखौफ अपराधियों ने निर्मम हत्या कर दी। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। दरअसल, मामला यूपी के अलीगढ़ के क्वार्सी थाना क्षेत्र के चिल्कौरा नगरिया गांव का है। जहां ये दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। जानकारी अनुसार भाजपा युवा मोर्चा के मंडल मंत्री के पिता और पेट्रोल पंप संचालक नरोत्तम (55) की बेरहमी से हत्या कर दी गई।
भाजपा नेता के पिता की हत्या
पुलिस के अनुसार, हमलावरों ने नरोत्तम का गला रेत दिया और वारदात को और क्रूर बनाते हुए उनके मुंह में कागज ठूंस दिया तथा आंखें तक फोड़ डालीं। हत्या के बाद शव को एक निर्माणाधीन मकान में छोड़कर आरोपी फरार हो गए। मृतक के बेटे पंकज राजपूत भाजपा युवा मोर्चा के मंडल मंत्री हैं। परिजनों के मुताबिक, मंगलवार सुबह नरोत्तम अपनी पत्नी के साथ खेत पर पशुओं के लिए चारा काट रहे थे। इसी दौरान परिचित आरोपी कन्हैया वहां पहुंचा और उन्हें स्कूटी से चिल्कौरा तक छोड़ने को कहा।
विवाद ने लिया हिंसक रुप
बताया जा रहा है कि निर्माणाधीन मकान पर पहुंचने के बाद किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया। आरोप है कि कन्हैया ने अपने साथियों के साथ मिलकर चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। दोपहर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। शाम को संदेह होने पर जब निर्माणाधीन मकान का ताला खुलवाया गया तो अंदर खून से लथपथ शव पड़ा मिला। यह दृश्य देखकर परिजनों में कोहराम मच गया।
आक्रोशित ग्रामीणों ने काटा बवाल
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने साक्ष्य जुटाए। आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपियों के घर पर बुल्डोजर चलाने की मांग करते हुए करीब दो घंटे तक शव उठाने नहीं दिया। बाद में पुलिस के समझाने पर मामला शांत हुआ। पुलिस ने मुख्य आरोपी के दो भाइयों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि मुख्य आरोपी कन्हैया फरार बताया जा रहा है। एसएसपी नीरज जदौन ने बताया कि घटना के कारणों की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगी हुई हैं। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।