बिक्रम पुलिस की बड़ी सफलता: 48 घंटे में बरामद हुई चोरी की बाइक, सीसीटीवी में कैद हुआ था चोर

पटना के बिक्रम बाजार की सब्जी मंडी से 21 जुलाई को चोरी हुई बाइक को बिक्रम पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर ढूंढ निकाला।SDPO-2 के निर्देश पर थानाध्यक्ष की टीम ने CCTV फुटेज की मदद से बाइक बरामद की। त्वरित कार्रवाई के लिए जनता कर रही पुलिस की तारीफ!

Bikram Police Bike Recovery Patna
बिक्रम पुलिस बाइक बरामदगी पटना- फोटो : Reporter

पटना जिले के बिक्रम थाना क्षेत्र स्थित विक्रम बाजार की सब्जी मंडी से चोरी हुई मोटरसाइकिल को पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया है। विदित हो कि बीते 21 जुलाई 2026 की शाम करीब 6:30 बजे गोरखरी निवासी सौरभ कुमार सब्जी खरीदने मंडी आए थे, जहाँ से अज्ञात चोरों ने उनकी बाइक (पंजीकरण संख्या BR01FA5961) पार कर दी थी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर तुरंत कार्रवाई शुरू की थी।


सीसीटीवी फुटेज और एसडीपीओ के निर्देश पर बनी विशेष टीम

घटना के बाद पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी कैमरों की गहनता से जाँच की, जिसमें चोरी की पूरी वारदात कैद पाई गई। इसके आधार पर एसडीपीओ-2 पंकज कुमार शर्मा के दिशा-निर्देश पर थानाध्यक्ष प्रभात कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस त्वरित कार्रवाई और टीम की सूझबूझ के बल पर पुलिस ने चोरी गई बाइक का सुराग लगाकर उसे बरामद करने में सफलता हासिल की।

छापेमारी दल में शामिल रहे ये पुलिस अधिकारी, चोर की तलाश तेज

बाइक बरामदगी के लिए चलाए गए इस सफल अभियान में अपर थानाध्यक्ष बरुण कुमार, राजेश कुमार, काजल कुमारी और गोरे लाल समेत भारी संख्या में पुलिस बल के जवान शामिल थे। बाइक बरामद होने के बाद अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चिह्नित चोर को गिरफ्तार करने के लिए संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि आरोपी को भी जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

त्वरित कार्रवाई से जनता में खुशी, विक्रम पुलिस की हो रही सराहना

मात्र 48 घंटे के अंदर चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद कर लिए जाने से स्थानीय लोगों और व्यापारियों में बिक्रम थाना पुलिस के प्रति विश्वास और गहरा हुआ है। पुलिस की इस तत्परता और सफलता के लिए स्थानीय जनता एवं पीड़ित परिवार द्वारा एसडीपीओ पंकज कुमार शर्मा, थानाध्यक्ष प्रभात कुमार और उनकी पूरी टीम की जमकर सराहना की जा रही है।

बिक्रम से ऋषिकेश की रिपोर्ट