Bihar News: पटना में रफ्तार का कहर! बालू लदे ट्रैक्टर से टकराई बाइक, युवक की हालत गंभीर

Bihar News:

सड़क हादसा
युवक की हालत गंभीर - फोटो : reporter

Bihar News: राजधानी पटना में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। रविवार सुबह पीरबहोर थाना क्षेत्र के रामना रोड पर बालू लदे ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना रविवार सुबह करीब साढ़े 9 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार बालू से लदा एक ट्रैक्टर रामना रोड पर बालू अनलोड करने पहुंचा था।

स्थानीय लोगों ने बचाई जान

बताया जा रहा है कि इसी दौरान पीछे से आ रही प्रशासनिक नंबर प्लेट लगी एक बाइक अचानक ट्रैक्टर के करीब पहुंच गई और बाइक सवार युवक ट्रैक्टर के डाले के अंदर बाइक समेत फंस गया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत ट्रैक्टर चालक को रोका और घायल युवक को बाहर निकालने की कोशिश शुरू की। साथ ही डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी गई।

पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त

सूचना मिलते ही कुछ ही मिनटों में क्विक रिस्पांस टीम की दो गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से 26 वर्षीय घायल युवक कुंदन कुमार को बाहर निकाला गया और इलाज के लिए पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डायल 112 में तैनात पीरबहोर थाना के एएसआई संजय कुमार ने बताया कि हादसे में युवक का पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। घायल युवक होश में है और उसने अपना नाम व पता पुलिस को बता दिया है।

लापरवाही बन रही हादसों की वजह

फिलहाल पूरे मामले की सूचना पीरबहोर थाना पुलिस को दे दी गई है और आगे की जांच की जा रही है। राजधानी में लगातार हो रहे सड़क हादसे चिंता का विषय बनते जा रहे हैं। एक ओर सरकार और यातायात विभाग सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चला रहे हैं, वहीं दूसरी ओर वाहन चालकों की जरा सी लापरवाही कई बार गंभीर हादसों का कारण बन रही है।

पटना से अनिल की रिपोर्ट