Bihar Weather: बिहार में अगले 24 घंटे भारी! 20 जिलों में आंधी-पानी का येलो अलर्ट, झमाझम बारिश के साथ गिरेगा ठनका, बच के रहें

Bihar Weather: बिहार में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को राज्य के करीब 20 जिलों में हल्की बारिश, तेज हवा और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। अगले 24 घंटे के दौरान कई इलाकों में बादल छाए रहने के साथ 40 किलोमीटर प्र

बारिश
आंधी-बारिश और ठनका का अलर्ट - फोटो : social media

Bihar Weather:  बिहार के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने पूरे बिहार में बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई है। सुबह से ही पटना सहित कई जिलों में बादल छाए हुए हैं। आज 20 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटे में प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवा, बादल और हल्की बारिश हो सकती है।  

मौसम विभाग की अपील 

मौसम विभाग ने खराब मौसम को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। विभाग ने सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों से दूर रहें और आकाशीय बिजली की स्थिति में सुरक्षित स्थान पर शरण लें। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य का अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं बीते दिन राजधानी पटना समेत कई जिलों में दिनभर हल्के बादल छाए रहे, जिससे धूप की तीव्रता में कमी देखने को मिली।

पश्चिमी विक्षोभ से बदला मौसम

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मौसम में इस बदलाव की मुख्य वजह पश्चिमी विक्षोभ का सक्रिय होना है। यह सिस्टम भूमध्य सागर के आसपास से सक्रिय होकर उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों तक पहुंचता है, जिसके प्रभाव से हिमालयी इलाकों में बादल, बारिश और बर्फबारी होती है। इसका असर मैदानी क्षेत्रों के मौसम पर भी पड़ता है। इसके अलावा बंगाल की खाड़ी और मन्नार की खाड़ी के आसपास एक नया मौसम तंत्र विकसित हो रहा है। इस सिस्टम के कारण वातावरण में नमी बढ़ रही है, जिससे बादल बनने और हल्की बारिश होने की संभावना बढ़ गई है।

11 मार्च तक बदला रहेगा मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक बिहार में 11 मार्च की रात तक मौसम का यही रुख बना रह सकता है। इस दौरान कई जिलों में बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश भी हो सकती है। हालांकि भारी बारिश की संभावना नहीं है। 12 मार्च के बाद पश्चिमी विक्षोभ का असर धीरे-धीरे कम होने लगेगा। इसके बाद आसमान साफ होने के साथ तेज धूप निकलेगी और तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। फिलहाल राज्य के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 30 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच है, जो 12 मार्च के बाद बढ़कर 34 से 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

इन जिलों में बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर और खगड़िया में हल्की बारिश होने की संभावना है। इनमें अररिया और किशनगंज में गरज-चमक और वज्रपात की आशंका को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 11 मार्च को सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया और कटिहार में तेज हवा, मेघगर्जन और वज्रपात के साथ बारिश हो सकती है। इसके अलावा सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर और वैशाली में कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी होने के आसार हैं।