Bihar Weather: बिहार में मौसम का यू-टर्न! आज 20 जिलों में आंधी बारिश का अलर्ट, 2 से 3 दिनों में 40 डिग्री पहुंचेगा तापमान

Bihar Weather: बिहार में मौसम का बदलाव देखने को मिल रहा है। करीब 20 जिलों में आंधी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं मौसम विभाग की माने तो अगले 2 से 3 दिनों में तापमान 40 डिग्री पहुंच जाएगा।

बारिश
आंधी-बारिश का अलर्ट - फोटो : social media

Bihar Weather: बिहार के मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। बुधवार की देर रात पटना में हल्की बारिश हुई। इसके कारण राज्य के कई हिस्सों में आसमान में धुंध जैसी स्थिति बनी हुई है और तापमान में बढ़ोतरी के कारण लोगों को उमस का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार को राज्य के अधिकांश इलाकों में ऐसी ही स्थिति देखने को मिली।  

17 मार्च तक बारिश का अलर्ट 

मौसम विभाग ने पटना के अनुसार अगले दो से तीन दिनों में आंशिक रूप से बादलों की आवाजाही बढ़ेगी, जिससे न्यूनतम तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 15, 16 और 17 मार्च के दौरान राज्य के अलग-अलग हिस्सों में आंशिक बूंदाबांदी की संभावना है। नमी अधिक होने के कारण बादल घनीभूत होने पर गरज-चमक और वज्रपात की स्थिति भी बन सकती है।

25 किमी की रफ्तार से चल रही हवाएं 

मौसम विभाग की मानें तो फिलहाल राज्य में नमीयुक्त हवाओं का प्रवाह जारी है। सतह से लगभग पांच किलोमीटर ऊपर करीब 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। उत्तर-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से कई जगहों पर धुंध जैसी स्थिति बनी हुई है। उन्होंने बताया कि 15 मार्च को उत्तर बिहार, 16 मार्च को पूरे राज्य और 17 मार्च को पूर्वी बिहार के कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी की संभावना है।

उमस से लोग परेशान

बुधवार को राज्यभर में नमी भरी हवाओं के कारण लोगों को उमस का सामना करना पड़ा। बारिश की संभावना को देखते हुए लोग दिनभर आसमान की ओर टकटकी लगाए रहे। शाम के समय मौसम विभाग ने जमुई और बांका जिलों में एक से तीन घंटे के भीतर हल्के से मध्यम स्तर के मेघ गर्जन और वज्रपात का तात्कालिक पूर्वानुमान भी जारी किया।

पटना की रात रही सबसे गर्म

बुधवार रात भी कई जिलों में गर्मी और उमस बनी रही। सबसे अधिक न्यूनतम तापमान पटना में 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा कैमूर में 24.4 डिग्री, मोतिहारी में 23 डिग्री, सासाराम और शेखपुरा में 22.3 डिग्री, नालंदा और डेहरी में करीब 22.2 डिग्री, वैशाली और छपरा में 22.1 डिग्री तथा पूर्णिया में 22.5 डिग्री न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।

आने वाले दिनों में बढ़ेगी गर्मी

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले तीन दिनों तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा और दिन-रात के तापमान में करीब तीन डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है। दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंचने की संभावना जताई गई है, जबकि रात का तापमान 25 से 30 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। हालांकि 14 से 16 मार्च के बीच मौसम में फिर बदलाव के संकेत हैं। इस दौरान कई जिलों में आंधी, बारिश और वज्रपात की संभावना जताई गई है।