Bihar Weather: बिहार में मौसम का U-टर्न! भीषण गर्मी के बीच आज फिर आंधी-बारिश का अलर्ट, 60 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, ये जिला रहे सावधान

Bihar Weather: अगले 24 घंटे में एक बार फिर बिहार का मौसम यू-टर्न ले सकता है। भीषण गर्मी के बीच तेज बारिश और आंधी की संभावनाएं जताई जा रही है। इस दौरान करीब 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।

बारिश
24 घंटे में मौसम का यू-टर्न - फोटो : social media

Bihar Weather:  बिहार में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। सोमवार को राज्यभर में तेज धूप के कारण तापमान में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। कई जिलों में पारा 38 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, इन दिनों राज्य में मौसम का मिजाज बेहद अस्थिर बना हुआ है, जहां कभी तेज गर्मी तो कभी मूसलाधार बारिश देखने को मिल रही है।

24 घंटे में बिजली गिरने की संभावना 

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि वर्तमान परिस्थितियों के कारण अगले 24 घंटे में आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। इसी को देखते हुए पूरे बिहार में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

इन जिलों के लिए भारी अलर्ट 

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार उत्तर और पश्चिम बिहार के कई जिलों में मौसम का असर अधिक देखने को मिलेगा। पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीवान, गोपालगंज, सारण, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधुबनी, कैमूर और बक्सर समेत करीब 18 जिलों में तेज आंधी और तूफान का अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में तेज हवाओं के कारण पेड़ उखड़ने, बिजली के खंभे गिरने और कच्चे मकानों को नुकसान पहुंचने का खतरा बना हुआ है।

दिन में गर्मी, शाम को राहत

प्रदेश में जहां सुबह से ही तेज धूप देखने को मिल रही है। तो वहीं शाम का मौसम सुहावना रह रहा हालांकि दोपहर में गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। आज यानी मंगलवार को दिन का तापमान 36 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। मौसम का यह तेजी से बदलता स्वरूप अब एक नए ट्रेंड की ओर इशारा कर रहा है, जिसमें कुछ ही घंटों में तेज गर्मी से तूफानी मौसम बन जाता है।

आंधी-बारिश से किसानों को भारी नुकसान

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार इस समय तीन प्रमुख सिस्टम पश्चिमी विक्षोभ, लो प्रेशर बेल्ट और जेट स्ट्रीम सक्रिय हैं। इनके संयुक्त प्रभाव से बिहार में इस तरह का अस्थिर मौसम बना हुआ है। रामनवमी की रात आई आंधी और बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। गेहूं, मक्का और आम की फसलों को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। खेतों में खड़ी गेहूं की पकी फसल और मक्का के पौधे गिर गए हैं, जबकि आम के पेड़ों से बड़ी संख्या में टिकोले झड़ गए हैं। मौसम विभाग की मानें तो 31 मार्च को भी रामनवमी के जैसे ही हालात हो सकते हैं।