बिहार में मौसम का बदला मिज़ाज, 26 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट, पटना में कभी बारिश तो कभी उमस, जानिए अपने जिले का हाल

Bihar Weather: बिहार में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। सूबे के अधिकांश इलाकों में आज फिज़ा सुहावनी रहने की उम्मीद है, लेकिन ...

बिहार में मौसम का बदला मिज़ाज, 26 जिलों में बारिश का येलो अल
बिहार में मौसम का बदला मिज़ाज- फोटो : Hiresh Kumar

Bihar Weather: बिहार में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। सूबे के अधिकांश इलाकों में आज फिज़ा सुहावनी रहने की उम्मीद है, लेकिन मौसम विभाग ने 26 जिलों के लिए बारिश, मेघगर्जन और आकाशीय बिजली को लेकर येलो अलर्ट जारी कर दिया है। कई स्थानों पर तेज़ हवाओं के साथ बारिश होने की आशंका जताई गई है, जिससे लोगों को एहतियात बरतने की सलाह दी गई है।

राजधानी पटना में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है। दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और कुछ इलाकों में हल्की फुहारें पड़ सकती हैं। हालांकि उमस लोगों को परेशान कर सकती है। अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, बक्सर, भोजपुर, अरवल, जहानाबाद, औरंगाबाद, रोहतास और कैमूर में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में वज्रपात और तेज़ हवा चलने की भी आशंका है।

महकमे का कहना है कि राजधानी समेत प्रदेश के कई हिस्सों में 27 से 30 जुलाई तक मौसम का मिज़ाज बदला-बदला रहेगा। इस दौरान आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, बारिश, मेघगर्जन और कहीं-कहीं धूलभरी आंधी भी चल सकती है। वहीं शेष 12 जिलों में मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रहेगा, हालांकि बादलों की आवाजाही और हल्की बूंदाबांदी से इनकार नहीं किया जा सकता।

बीते 24 घंटों के दौरान पटना, नालंदा और बेगूसराय में तेज़ धूप देखने को मिली, जबकि बीच-बीच में बादलों ने राहत दी। मौसम विभाग ने 28 जुलाई के लिए भी बिहार के बड़े हिस्से में खराब मौसम की पेशगोई की है। लोगों से अपील की गई है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करें।