Bihar Weather: पटना सहित बिहार के 16 जिलों में तेज आंधी बारिश का अलर्ट, 60 km/h की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

Bihar Weather: बिहार में मौसम का मिजाज बदल गया है। भीषण गर्मी के बीच बारिश का दौर शुरु होने से लोगों को हल्की राहत मिल रही है। बुधवार को मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है।

बारिश
पटना सहित कई जिलों में बारिश - फोटो : AI Image

Bihar Weather: बिहार के मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने तेज आंधी-बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताई है। बिहार में लू की मार झेल रहे लोगों को भी अगले तीन दिनों तक राहत मिलेगी। 29 अप्रैल को बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में मूसलाधार बारिश के साथ 80 से 85 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। सुबह से ही राजधानी पटना सहित कई जिलों का मौसम सुहाना बना हुआ है। सुबह से ही बादलों का डेरा है। 

पटना सहित इन जिलों में भारी बारिश 

प्रदेश के कई जिलों में 29 अप्रैल को तेज आंधी और भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। पटना समेत राज्य के उत्तरी और पश्चिमी हिस्सों के लिए विशेष अलर्ट है। प्रभावित जिलों में पटना, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, बक्सर, सारण, गया, गोपालगंज, सीवान, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सीतामढ़ी, पूर्णिया, सहरसा और कटिहार शामिल हैं। तेज हवा और बारिश से फसलों को नुकसान की आशंका है।

बदला मौसम का मिजाज

बैशाख-जेठ की तपिश के बीच इस बार बिहार में मौसम के दो रंग देखने को मिल रहे हैं। एक ओर भीषण गर्मी, तो दूसरी ओर बारिश और तेज हवाओं से राहत का दौर जारी है। बुधवार को भी राज्य के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक और तेज हवा के साथ बारिश की संभावना है। दक्षिण बिहार की तुलना में उत्तर बिहार में अधिक स्थानों पर वर्षा होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने किशनगंज, मधुबनी और सीतामढ़ी में भारी बारिश की चेतावनी दी है। साथ ही राज्य में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान है। अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है, जबकि न्यूनतम तापमान में खास बदलाव नहीं होगा।

तापमान का हाल

मंगलवार को राज्य के अधिकांश शहरों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 30.1 से 41.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21.8 से 27.0 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। डेहरी में 41 डिग्री और कैमूर में 40.8 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया, जबकि वाल्मीकिनगर में न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री रहा। मधुबनी और पटना में 35 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। वहीं 1 मई के बाद एक बार फिर भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।