Bihar Weather: बिहार में कुदरत का 'डबल अटैक'! 6 जिलों में हीटवेव तो इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, जानिए आपने शहर का हाल
Bihar Weather: बिहार में मौसम का मिजाज इन दिनों बदला-बदला नजर आ रहा है। मौसम विभाग ने राज्य के 6 जिलों में हीट वेव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। जहां अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहने की संभावना है।
Bihar Weather: बिहार के आसमान में इन दिनों मौसम के दो रंग देखने को मिल रहे हैं। राज्य में कुदरत का अजीबोगरीब विरोधाभास देखने को मिल रहा है। जहां एक तरफ आधे बिहार में तपती धूप और जानलेवा हीट वेव ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है, वहीं दूसरी तरफ कुछ इलाकों में बादलों की आवाजाही ने बारिश की उम्मीद जगा दी है।
मौसम में हल्का बदलाव
वहीं, कुछ जिलों में बूंदाबांदी और बादल छाए रहने के संकेत भी मिले हैं। राज्य के अधिकांश हिस्सों में फिलहाल भीषण गर्मी और उमस लोगों को परेशान कर रही है। हालांकि मौसम विभाग के अनुसार, 28 अप्रैल के बाद दक्षिण बिहार, खासकर राजधानी पटना में मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है।
24 से 30 अप्रैल तक कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 24 से 30 अप्रैल के बीच उत्तर, मध्य और पूर्वी बिहार के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी आशंका जताई गई है। हालांकि दक्षिण-पश्चिम बिहार के जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा। इन क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है और अगले 2-3 दिनों तक लू जैसी स्थिति बनी रहने की चेतावनी दी गई है।
कई जिलों में बारिश और तेज हवा की संभावना
पूर्वानुमान के अनुसार पश्चिम और पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, सहरसा, मधेपुरा और दरभंगा में बारिश की संभावना है। इसके अलावा मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, गोपालगंज, सीवान, सारण, भागलपुर, बांका, मुंगेर, जमुई, खगड़िया, बेगूसराय और लखीसराय में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने इन इलाकों में बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर लोगों और किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
बिहार में लू का कहर
बक्सर, भोजपुर, रोहतास, कैमूर, औरंगाबाद, अरवल, गया और नवादा जिलों में मौसम शुष्क रहेगा। यहां तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है और अगले कुछ दिनों तक लू जैसी स्थिति बनी रह सकती है। राजधानी पटना में गर्मी का प्रकोप जारी है। बीते 24 घंटे में अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 2 से 3 दिनों तक शहर में तेज धूप और गर्म पछुआ हवाएं चलेंगी। जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है।