Bihar Weather: बिहार में मौसम की मार! 20 जिलों के भारी बारिश का येलो अलर्ट, आंधी-पानी मचाएगा तांडव, IMD की चेतावनी
Bihar Weather: बिहार के मौसम में भारी बदलाव देखने को मिल रहा है। एक ओर जहां गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर रखा है तो वहीं दूसरी ओर तेज बारिश और आंधी का दौर भी जारी है। किशनगंज में देर रात ओलावृष्टि की भी जानकारी मिली है।
Bihar Weather: बिहार में अगले कुछ दिनों तक मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने मंगलवार को राज्य के करीब 20 जिलों में आंधी और बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर और पूर्वी बिहार के जिलों में इसका असर अधिक देखने को मिलेगा, जबकि दक्षिण और पश्चिमी हिस्सों में मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रह सकता है। राज्य में अधिकतम तापमान फिलहाल 34 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
मार्च में ही भीषण गर्मी
सोमवार को दिनभर तेज धूप के कारण लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा। कई जिलों में तापमान 35 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया, जबकि नालंदा के राजगीर में अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा कैमूर और सासाराम में 37.4°C, गया में 36.6°C और पटना में करीब 35.2°C तापमान दर्ज हुआ।
किशनगंज में ओलावृष्टि
हालांकि शाम होते-होते मौसम ने करवट ली। किशनगंज और अररिया में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई, जबकि पटना, मधुबनी, रक्सौल और बगहा समेत कई इलाकों में तेज आंधी चलने से मौसम सुहावना हो गया। उत्तर बिहार के कई जिलों में देर रात तक बादल छाए रहे। मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में यह बदलाव हो रहा है। 20 से 22 मार्च के बीच राज्य के कई हिस्सों में फिर से बारिश का दौर तेज होने की संभावना है।
पटना में नहीं होगी बारिश
मंगलवार के लिए जारी पूर्वानुमान के अनुसार सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, मधुबनी, दरभंगा और वैशाली समेत कई जिलों में गरज-चमक, तेज हवा और बारिश की संभावना जताई गई है। 18 और 19 मार्च को कुछ इलाकों में हल्की बारिश के साथ मौसम में राहत मिल सकती है। राजधानी पटना में फिलहाल हल्के बादल छाए रहने की संभावना है, लेकिन बारिश के आसार कम हैं। यहां अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
मार्च के अंतिम सप्ताह से शुरु होगा गर्मी का कहर
मौसम विभाग का कहना है कि अगले सात दिनों तक मौसम का यही रुख बना रह सकता है। हालांकि मार्च के अंतिम सप्ताह से तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी शुरू होगी। अप्रैल के पहले सप्ताह तक कई जिलों में तापमान 40 डिग्री के करीब पहुंच सकता है, जिससे लू जैसे हालात बनने की संभावना है।