Bihar Weather: बदलने वाला है बिहार का मौसम, काले बादल, वज्रपात और तेज आंधी को लेकर बड़ा अलर्ट जारी, पटना के लोगों को झुलसाती गर्मी से मिलेगी राहत
Bihar Weather: बिहार मौसम सेवा केंद्र ने राजधानी समेत राज्य के 19 जिलों में आंधी, बारिश और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है।
Bihar Weather: बिहार में पिछले कई दिनों से जारी भीषण गर्मी और उमस से परेशान अवाम के लिए राहत की खबर सामने आई है। मौसम का मिजाज अब करवट लेने वाला है। बिहार मौसम सेवा केंद्रा ने राजधानी समेत राज्य के 19 जिलों में आंधी, बारिश और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक शुक्रवार को कई इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और झमाझम बारिश होने के पूरे आसार हैं।
राजधानी पटना में दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है। गरज-चमक के साथ बारिश होने की प्रबल संभावना जताई गई है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि यदि पटना और आसपास के क्षेत्रों में अच्छी बारिश होती है तो अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज हो सकती है। इससे तपिश और उमस से बेहाल लोगों को बड़ी राहत मिलेगी और फिजा में ठंडक घुलेगी।

मौसम विभाग ने पटना, गया, जहानाबाद, नालंदा, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय, जमुई, बांका, मुंगेर, खगड़िया, बेगूसराय, भागलपुर, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सीवान और सारण में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं समस्तीपुर जिले के लिए येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा। इन जिलों में तेज हवाओं, बारिश और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए एहतियात बरतने की सलाह दी गई है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र अभी कमजोर है, जिसके कारण मानसूनी गतिविधियां पूरी तरह सक्रिय नहीं हो सकी हैं। हालांकि अगले 48 से 72 घंटों में मानसून के मजबूत होने की उम्मीद है, जिसके बाद पूरे बिहार में व्यापक बारिश का सिलसिला शुरू हो सकता है।
बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में लू जैसे हालात बने रहे। कैमूर का भभुआ सबसे गर्म क्षेत्र रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अब लोगों की निगाहें आसमान पर टिकी हैं कि कब बादल बरसें और गर्मी से राहत मिले।