Bihar Weather: बिहार में आसमानी आफत का अलर्ट! 12 जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी, रहें सावधान

Bihar Weather: बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती सिस्टम के प्रभाव से बिहार के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताई गई है।...

Bihar Weather
आसमानी आफत का अलर्ट! - फोटो : X

Bihar Weather:  बिहार में नवंबर के महीने में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताई गई है। आज यानी शनिवार, 21 नवंबर को उत्तर बिहार के अधिकांश जिलों में आसमान में बादलों का डेरा रह सकता है। वहीं, कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, वर्षा का यह सिलसिला 22 नवंबर को भी जारी रह सकता है। इसके बाद ठंड में इजाफा होने की संभावना है। अगले दो दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, आज बिहार के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। खासकर दक्षिण-पूर्वी बिहार में कुछ जगहों पर भारी वर्षा की आशंका है। इस दौरान मेघ गर्जन, आकाशीय बिजली और तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है। पटना मौसम केंद्र ने भी भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग ने सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, खगड़िया, भागलपुर, कटिहार, मुंगेर, जमुई और बांका समेत 12 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इनमें भागलपुर और कटिहार में भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है। वहीं, बांका और जमुई में भी वर्षा के साथ गरज-चमक की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 से 36 घंटों के दौरान उत्तर बिहार के बेगूसराय जिले में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। समस्तीपुर, दरभंगा और मधुबनी के कुछ इलाकों में बूंदाबांदी के आसार हैं। इन जिलों में अगले एक-दो दिनों तक आसमान में बादल छाए रह सकते हैं।

इसके अलावा पटना, नालंदा, गया, जहानाबाद, नवादा, लखीसराय और शेखपुरा में भी हल्की वर्षा या बूंदाबांदी की संभावना है। जमुई, मुंगेर, बांका, खगड़िया और भागलपुर के कुछ हिस्सों में भी मौसम का मिजाज बदला रह सकता है।  बिहार में बारिश और बादलों की आवाजाही के बीच तापमान में गिरावट के संकेत हैं। ऐसे में लोगों को बदलते मौसम के प्रति एहतियात बरतने की सलाह दी गई है।