Bihar Weather:बिहार में बारिश के बाद आग उगलेगा आसमान!पटना-गया समेत 10 जिलों में लू का अलर्ट, जानिए अपने जिले का हाल
Bihar Weather: बारिश ने गर्मी से थोड़ी राहत जरूर दी थी, मगर अब वही राहत गायब होती नजर आ रही है।...
Bihar Weather: बिहार में पिछले कुछ दिनों से जारी आंधी-बारिश का सिलसिला अब पूरी तरह थम चुका है और मौसम ने एकदम से करवट बदल ली है। गुरुवार की रात अररिया, किशनगंज, मधुबनी और सुपौल में हल्की बारिश जैसे हालात जरूर बने, लेकिन बाकी इलाकों में दिनभर मौसम सूखा रहा और तेज धूप ने अपना असर दिखाया। इस बदलाव ने लोगों को एक बार फिर गर्मी की मार झेलने पर मजबूर कर दिया है।मौसम विभाग ने कैमूर, डेहरी, पटना, गया, औरंगाबाद, नालंदा, भोजपुर, बक्सर, मुजफ्फरपुर और वैशाली जैसे जिलों को ज्यादा संवेदनशील बताया है, जहां लू जैसे हालात बन सकते हैं।
आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक, अप्रैल में लू चलने की आशंका पहले ही जताई जा चुकी है। अगर तापमान इसी तरह बढ़ता रहा तो हालात और गंभीर हो सकते हैं। खासकर दोपहर 12 से 4 बजे के बीच बाहर निकलना खतरनाक साबित हो सकता है, क्योंकि गर्म हवाएं शरीर को तेजी से डिहाइड्रेट कर सकती हैं।
मौसम विभाग का कहना है कि अगले 4 से 5 दिनों में अधिकतम तापमान 3 से 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। कई जिलों में पारा 38 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। पटना और आसपास के इलाकों में तापमान 40डिग्री सेल्सियस के करीब जा सकता है, जबकि गया और दक्षिण बिहार में यह 41-42डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। उत्तर बिहार में भी 38-40डिग्री सेल्सियस के बीच तापमान रहने का अनुमान है, वहीं कैमूर क्षेत्र में गर्मी का असर और भी ज्यादा देखने को मिल सकता है।
बीते दिनों हुई बारिश ने गर्मी से थोड़ी राहत जरूर दी थी, मगर अब वही राहत गायब होती नजर आ रही है। मौसम का सिस्टम कमजोर पड़ चुका है और पश्चिमी विक्षोभ का असर भी खत्म हो गया है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक,अब आसमान में बादलों की आवाजाही कम होगी और सीधी धूप जमीन को तेजी से तपाएगी। आने वाले 6 से 7 दिनों में तापमान में तेज बढ़ोतरी का अलर्ट जारी किया गया है।रात के तापमान में भी बढ़ोतरी होगी, जिससे रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। बारिश के बाद वातावरण में मौजूद नमी उमस को बढ़ा रही है, जिससे फील लाइक तापमान वास्तविक तापमान से 2-3 डिग्री ज्यादा महसूस होगा। दिन में पसीना और चिपचिपाहट बढ़ेगी, जबकि रात में भी राहत कम मिलेगी।