Bihar Weather: बिहार में आसमान से बरसेगी आग! 40 डिग्री के पार जाएगा पारा, मौसम विभाग की बड़ी चेतावनी

Bihar Weather: बिहार में अब गर्मी अपना तेवर दिखाने लगा है। कई जिलों में 'लू' जैसे हालात बन रहे हैं। मौसम विभाग ने इसको लेकर अलर्ट जारी किया है। पछुआ हवाओं के प्रभाव से न केवल दिन का तापमान बढ़ेगा, बल्कि रात में भी उमस परेशान करेगी।

गर्मी
भीषण गर्मी का कहर - फोटो : social media

Bihar Weather: बिहार में अब मौसम के मिजाज ने कड़े तेवर दिखाना शुरू कर दिया है। 13 अप्रैल से राज्य के कई हिस्सों में पारा 40°C के पार जाने का अनुमान है, जो उत्तर भारत में भीषण गर्मी के आगाज का संकेत है। मौसम विभाग की मानें तो अगले तीन दिनों के भीतर तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस तक की भारी बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। बीते 24 घंटों के दौरान पूरे राज्य में मौसम शुष्क बना रहा, जिससे कई जिलों में तापमान में तेजी से वृद्धि दर्ज की गई है। 

5 डिग्री तक बढ़ेगा पारा 

खासकर दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-मध्य बिहार में अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ा है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले 3 से 4 दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 5 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके चलते दिन में तेज गर्मी और रात में उमस भरी स्थिति बनी रहेगी। कई इलाकों में लू जैसे हालात बनने की संभावना जताई गई है।

इन जिलों में लू का खतरा अधिक

दक्षिण बिहार में पछुआ हवाएं 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी। ये हवाएं शुष्क और गर्म होती हैं, जो तापमान को तेजी से बढ़ाकर लू की स्थिति पैदा करती हैं। पिछले 24 घंटों में राज्य के किसी भी हिस्से में बारिश नहीं हुई है और फिलहाल राहत के आसार भी नहीं हैं। दक्षिण-पश्चिम बिहार के बक्सर, भोजपुर (आरा), रोहतास, औरंगाबाद और कैमूर जिलों में लू जैसे हालात बन सकते हैं। वहीं दक्षिण-मध्य बिहार के पटना, अरवल, जहानाबाद, गया और नालंदा भी इसकी चपेट में रहेंगे।

दक्षिण बिहार क्यों बनता है हॉट स्पॉट

दक्षिण बिहार का पठारी और शुष्क भू-भाग जल्दी गर्म हो जाता है। यहां नमी कम होने के कारण सूर्य की किरणें अधिक प्रभावी होती हैं। पछुआ हवाएं सबसे पहले इसी क्षेत्र को प्रभावित करती हैं, जबकि पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर रहने से आंधी और बारिश की संभावना कम हो जाती है। मौसम विभाग के मुताबिक 13 अप्रैल से बिहार के पटना, गया, बक्सर, भोजपुर, मुजफ्फरपुर, वैशाली और भागलपुर समेत कई जिलों में तापमान और बढ़ेगा। इसके अलावा चंपारण, सिवान, सारण, जहानाबाद, समस्तीपुर, पूर्णिया और कटिहार में भी गर्मी का असर तेज होगा।