बिहार STF का ताबड़तोड़ एक्शन: 13 वर्षो से फरार कुख्यात प्रिंस को दबोचा, दिल्ली पुलिस को सौपा

दिल्ली में 2013 के आर्म्स एक्ट मामले में 13 सालों से फरार और 15 संगीन मामलों का आरोपी कुख्यात छोटू उर्फ प्रिंस रांची के बरियातू से गिरफ्तार! आरोपी ने 2019 में पटना के अगमकुआं में ज्वेलरी दुकान में डकैती और फायरिंग की घटना को भी अंजाम दिया था।

Bihar stf arrests wanted criminal chhotu

बिहार पुलिस की विशेष कार्य बल यानी एसटीएफ ने जबरदस्त कार्रवाई करते हुए न केवल कुख्यात को धर दबोचा है बल्कि दिल्ली पुलिस के क्राइम ब्रांच को जिस कुख्यात कि वर्षों से तलाश थी उनको भी बड़ी राहत देते हुए कुख्यात अपराधी छोटू उर्फ प्रिंस को गिरफ्तार किया है। दरअसल विशेष कार्य बल (STF) ने एक बड़े अंतरराज्यीय ऑपरेशन में बड़ी सफलता हासिल करते हुए पटना निवासी वांटेड को धर दबोचा है।


2013 से दिल्ली से था फरार, पटना से भागकर छुपा था रांची के बरियातू में

मूल रूप से पटना के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत चौधरी टोला, आजाद लेन का रहने वाला छोटू उर्फ प्रिंस वर्ष 2013 में दिल्ली में दर्ज आर्म्स एक्ट के एक मामले में फरार हो गया था। दिल्ली से भागकर वह पटना में छिपकर रहने लगा। जब दिल्ली पुलिस को उसके पटना में होने की भनक लगी और टीम ने दबिश दी, तो वह वहां से भी भागकर झारखंड के रांची स्थित बरियातू चला गया।


एसटीएफ और झारखंड पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में धराया

जैसे ही एसटीएफ को सूचना मिली कि छोटू उर्फ प्रिंस ने बरियातू में अपना नया ठिकाना बना रखा है, बिहार एसटीएफ ने तुरंत झारखंड पुलिस के साथ समन्वय स्थापित किया। संयुक्त टीम ने बरियातू थाना क्षेत्र में रणनीति बनाकर छापेमारी की और आरोपी को चारों तरफ से घेरकर गिरफ्तार कर लिया।


पटना की ज्वेलरी दुकान में डकैती और महिला पर फायरिंग का संगीन आरोप

पुलिस जांच के अनुसार, दिल्ली से पटना भागने के बाद भी आरोपी ने अपराध का रास्ता नहीं छोड़ा। उसने वर्ष 2019 में अपने गिरोह के साथ मिलकर अगमकुआं थाना क्षेत्र स्थित एक ज्वेलरी दुकान में भीषण डकैती की घटना को अंजाम दिया था। इस दौरान बदमाशों ने एक महिला पर फायरिंग भी की थी, जिसके बाद अगमकुआं थाने में कांड संख्या 173/19 दर्ज किया गया था।


हत्या, रंगदारी और लूट समेत दर्ज हैं 15 संगीन मामले

गिरफ्तार कुख्यात छोटू उर्फ प्रिंस का आपराधिक रिकॉर्ड बेहद लंबा और गंभीर रहा है। उसके खिलाफ दिल्ली और बिहार के अलग-अलग थानों में हत्या, रंगदारी, लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट जैसी संगीन धाराओं में कुल 15 मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उसे रिमांड पर लेकर उसके गिरोह के अन्य सदस्यों और हालिया आपराधिक गतिविधियों के बारे में कड़ाई से पूछताछ कर रही है।