वैश्विक मंच पर गूंजेगा बिहार का नाम: 'विश्व स्वास्थ्य संसद' में भाग लेने जेनेवा पहुंचे भाजपा प्रवक्ता कुंतल कृष्ण

Bihar News : बिहार भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता कुंतल कृष्ण “विश्व स्वास्थ्य संसद” में भाग लेने के लिए स्विट्जरलैंड के जेनेवा पहुंच गए हैं। कुंतल कृष्ण अंतरराष्ट्रीय मंच पर बिहार के विकास को साझा करेंगे....

वैश्विक मंच पर गूंजेगा बिहार का नाम: 'विश्व स्वास्थ्य संसद'

Patna : बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता कुंतल कृष्ण विश्व स्वास्थ्य क्षेत्र के सबसे प्रतिष्ठित और महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में से एक “विश्व स्वास्थ्य संसद” (World Health Parliament) में भाग लेने के लिए स्विट्जरलैंड के जेनेवा पहुंच गए हैं। यह वैश्विक कार्यक्रम 18 मई से 24 मई 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। इस उच्च स्तरीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में दुनिया के लगभग 165 देशों के प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं, जो स्वास्थ्य क्षेत्र के भविष्य की रूपरेखा तय करेंगे।


दुनिया भर के राष्ट्राध्यक्ष और नीति निर्माता होंगे शामिल

वैश्विक संस्था 'हेल्थ इनोवेशन ऑर्गेनाइजेशन' द्वारा आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में दुनिया भर के 100 से अधिक देशों के राष्ट्राध्यक्ष, नीति निर्माता, शीर्ष स्वास्थ्य विशेषज्ञ और विभिन्न अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं के प्रतिनिधि एक मंच पर जुट रहे हैं। इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य वैश्विक स्तर पर स्वास्थ्य के क्षेत्र में अब तक हुई प्रगति की समीक्षा करना और भविष्य में आने वाली चिकित्सा व स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों से निपटने के लिए नई रणनीतियों पर विचार-विमर्श करना है।


विशेष आमंत्रण पर बिहार के विकास को करेंगे साझा

भाजपा प्रवक्ता कुंतल कृष्ण को इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय मंच पर स्वास्थ्य क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य करने वाली वैश्विक संस्था 'हेल्थ इनोवेशन एक्सचेंज' के विशेष आग्रह और आमंत्रण पर बुलाया गया है। इस बेहद महत्वपूर्ण कार्यक्रम के दौरान वे वैश्विक समुदाय के सामने बिहार में पिछले दो दशकों में स्वास्थ्य के क्षेत्र में हुए अभूतपूर्व व व्यापक बदलावों की कहानी साझा करेंगे। वे अपने वक्तव्य के जरिए राज्य में सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और आम जनता तक चिकित्सा सेवाओं की आसान पहुंच पर अपना शोध पत्र भी प्रस्तुत करेंगे।


'समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवामुख्य विषय

विश्व स्वास्थ्य संसद में कुंतल कृष्ण के व्याख्यान का मुख्य विषय "Connecting the Unconnected" (अछूतों/वंचितों को जोड़ना) तय किया गया है। इसका मूल उद्देश्य समाज के सबसे निचले पायदान पर खड़े अंतिम व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं को पहुंचाने की रणनीति और बिहार के सफल अनुभवों को दुनिया के साथ साझा करना है। वे वैश्विक मंच पर बताएंगे कि किस प्रकार बिहार में एनडीए सरकार के दूरदर्शी नेतृत्व में राज्य के लगभग 14 करोड़ लोगों तक स्वास्थ्य सेवाओं का दायरा बढ़ाया गया और सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने के लिए ऐतिहासिक कदम उठाए गए।


एआई और आधुनिक तकनीकों पर होगी गहन चर्चा

इस सात दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और सुलभ बनाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तथा अन्य आधुनिक तकनीकों की मदद लेने पर भी गहन तकनीकी सत्र आयोजित किए जाएंगे। कुंतल कृष्ण विश्व के 165 से अधिक देशों के प्रबुद्ध प्रतिनिधियों के बीच बिहार के अनूठे स्वास्थ्य मॉडल और जन-कल्याणकारी योजनाओं को प्रस्तुत कर राज्य के विकास की नई और सकारात्मक छवि को वैश्विक पटल पर मजबूती से रखेंगे।


वंदना की रिपोर्ट