Bihar Politics: तेजस्वी यादव की वापसी के बाद RJD को बड़ा झटका, इस पूर्व सांसद ने छोड़ी पार्टी

Bihar Politics: सीतामढ़ी के पूर्व सांसद अर्जुन राय ने RJD से इस्तीफा देकर BJP में शामिल होने का ऐलान किया है। जानिए उनके फैसले की वजह, राजनीतिक सफर और बिहार की राजनीति पर इसका असर।

Bihar Politics

Bihar Politics: विदेश यात्रा से लौटते ही राष्ट्रीय जनता दल (RJD) नेता तेजस्वी यादव को बिहार में बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। सीतामढ़ी से पूर्व सांसद और पार्टी के वरिष्ठ नेता अर्जुन राय ने RJD से इस्तीफा देने की घोषणा कर दी है। उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करके पार्टी छोड़ने की जानकारी सार्वजनिक की।

बताया जा रहा है कि अर्जुन राय पिछले कुछ समय से पार्टी के कामकाज और अंदरूनी फैसलों से नाराज थे। उनकी नाराजगी लंबे समय से चल रही थी। हाल के दिनों में RJD के एक अन्य वरिष्ठ नेता मृत्युंजय तिवारी भी पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो चुके हैं।

अर्जुन राय ने क्या कहा?

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अर्जुन राय ने कहा कि वह सोमवार, 27 जुलाई को आधिकारिक रूप से भारतीय जनता पार्टी में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और बिहार बीजेपी के प्रदेश नेतृत्व से प्रभावित होकर उन्होंने यह फैसला लिया है। उन्होंने बिहार में पंचायत चुनाव से पहले होने वाले परिसीमन का भी समर्थन किया। अर्जुन राय ने कहा कि RJD का वर्तमान काम करने का तरीका सही दिशा में नहीं जा रहा है। उनका मानना है कि सीतामढ़ी जिले के कई विकास कार्य अब भी अधूरे हैं और उन्हें पूरा करने के लिए केंद्र और राज्य में एक ही गठबंधन की सरकार यानी डबल इंजन सरकार के साथ काम करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार विकास और जनहित के लिए लगातार काम कर रही है और वह इस विकास यात्रा का हिस्सा बनना चाहते हैं।

अर्जुन राय का राजनीतिक सफर

अर्जुन राय का राजनीतिक सफर छात्र राजनीति से शुरू हुआ था। उन्होंने वर्ष 1994 में बिहार विश्वविद्यालय से छात्र राजनीति में कदम रखा। इसके बाद वर्ष 2000 में उन्होंने पहली बार RJD के टिकट पर औराई विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा। बाद में वर्ष 2005 में वह जनता दल यूनाइटेड (JDU) में शामिल हो गए और औराई से विधायक चुने गए। इसके बाद वर्ष 2009 में JDU के टिकट पर सीतामढ़ी लोकसभा सीट से चुनाव जीतकर सांसद बने। साल 2014 के लोकसभा चुनाव में हार के बाद अर्जुन राय ने 2015 में फिर से RJD का दामन थाम लिया। इसके बाद पार्टी ने उन्हें 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव में सीतामढ़ी सीट से उम्मीदवार बनाया, लेकिन दोनों चुनावों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा।