एसएसबी और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई: 54 लीटर नेपाली शराब के साथ दो महिला तस्कर गिरफ्तार, कार व 3 बाइक जब्त
सुपौल जिले के भारत-नेपाल सीमा पर अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 45वीं वाहिनी एसएसबीबीरपुर और भपटियाही थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। दोनो संयुक्त रुप से छापेमारी कर भारी मात्रा में शराब के साथ दो महिला तस्कर को गिरफ्तार..
Supaul : भारत-नेपाल सीमा पर अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) बीरपुर और भपटियाही थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। रविवार तड़के ग्राम कोढ़ली (वार्ड संख्या-06) में एक मकान पर संयुक्त छापेमारी कर 54 लीटर नेपाली शराब, एक हुंडई i10 कार और तीन मोटरसाइकिलें जब्त की गईं।
'दिलवाले' ब्रांड की 180 बोतल शराब बरामद, मौके से 3 तस्कर फरार
45वीं वाहिनी के कमांडेंट गौरव सिंह के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई के दौरान मकान से 'दिलवाले' ब्रांड की 180 बोतलें (300 मिलीलीटर प्रत्येक) बरामद की गईं। महिला पुलिसकर्मियों की मदद से मौके से दो महिला तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि तीन अन्य आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार होने में कामयाब रहे। फरार तस्करों की तलाश में इलाके में सघन सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
भपटियाही थाना को सौंपी गई जब्त संपत्ति और गिरफ्तार महिलाएं
बरामद शराब, जब्त वाहनों और गिरफ्तार दोनों महिला तस्करों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए भपटियाही थाना के हवाले कर दिया गया है। इस कार्रवाई में एसएसबी के उप निरीक्षक संदीप नाथ और बिहार पुलिस के पीटीसी मनीष पासवान सहित कई जवान शामिल थे।
सीमा पर तस्करों के खिलाफ लगातार जारी रहेगा एसएसबी का कड़ा रुख
एसएसबी अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि भारत-नेपाल सीमा पर शराब तस्करी और अन्य गैर-कानूनी गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए सुरक्षा बल पूरी तरह सतर्क हैं। सीमावर्ती इलाकों में लगातार गश्त और पुलिस के साथ संयुक्त अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट