मुकेश सहनी का बड़ा हमला: 'नीतीश ने इस्तीफा दिया नहीं और पोस्टर हटने लगे, भाजपा ने बिहार को किया बर्बाद'
वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी ने बिहार के राजनीतिक घटनाक्रम पर भाजपा और जदयू को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने दावा किया कि नीतीश कुमार के पद छोड़ने से पहले ही उन्हें किनारे लगाने की तैयारी पूरी हो चुकी है।
Patna - विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के संस्थापक और पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने सोमवार को पटना में बड़ा बयान देते हुए कहा कि बिहार में सत्ता परिवर्तन का खेल पर्दे के पीछे से शुरू हो चुका है। सहनी ने दावा किया कि अभी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने औपचारिक रूप से इस्तीफा भी नहीं दिया है, लेकिन जदयू कार्यालय से उनके नाम के पोस्टर और बैनर हटाए जाने लगे हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग आज नीतीश कुमार की तारीफ कर रहे हैं, वे कुछ ही दिनों में उन्हें भुला देंगे।
'राज्यसभा भेजने की मजबूरी या साजिश?'
भाजपा पर निशाना साधते हुए मुकेश सहनी ने कहा कि भाजपा कभी नहीं चाहती थी कि नीतीश कुमार मुख्यमंत्री बनें। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की मंशा चुनाव के समय ही स्पष्ट थी, लेकिन परिस्थितियों के कारण वे ऐसा नहीं कर सके। सहनी के अनुसार, "आज जब मौका मिला है, तो नीतीश कुमार को जबरन राज्यसभा भेजा जा रहा है।" उन्होंने इसे जदयू को खत्म करने की भाजपा की एक सोची-समझी रणनीति करार दिया।
वादे भूले, अब सिर्फ 'सरकार-सरकार' का खेल
मुकेश सहनी ने तंज कसते हुए कहा कि सत्ताधारी दल के नेता जनता की समस्याओं को छोड़कर केवल 'सरकार-सरकार' खेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में किए गए वादों—शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार—पर कोई बात नहीं हो रही है। सहनी ने आरोप लगाया कि भाजपा ने बिहार को विकास के मामले में बर्बाद कर दिया है और जदयू अब भाजपा की 'पिछलग्गू' बनकर रह गई है।
अपराधियों का वर्चस्व और चरमराती व्यवस्था
बिहार की वर्तमान स्थिति पर चिंता जताते हुए वीआईपी प्रमुख ने कहा कि राज्य में अपराधियों का बोलबाला है और स्वास्थ्य-शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। उन्होंने कहा कि जिस नीतीश कुमार के चेहरे पर जनादेश मिला था, अब भाजपा उन्हीं को सत्ता से बेदखल करने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपना रही है। सहनी ने चेतावनी दी कि भाजपा, जदयू को पूरी तरह निगलने पर आमादा है।
सियासी भविष्य पर उठते सवाल
सहनी के इस बयान ने बिहार की राजनीति में चल रही उस चर्चा को और बल दे दिया है जिसमें नीतीश कुमार की केंद्र की राजनीति में जाने और भाजपा के नेतृत्व में नई सरकार बनने की बातें कही जा रही हैं। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि भाजपा ने बिहार के जनादेश के साथ खिलवाड़ किया है और आने वाले दिनों में इसके गंभीर परिणाम होंगे।