वैशाली में दिनदहाड़े दुस्साहस: बाइक सवार बदमाशों ने 17 वर्षीय युवक को मारी गोली, इलाके में दहशत

वैशाली के नगर थाना क्षेत्र में आपसी विवाद को लेकर दो बदमाशों ने एक युवक को दिनदहाड़े गोली मार दी। घायल युवक का अस्पताल में इलाज जारी है, जबकि पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

वैशाली में दिनदहाड़े दुस्साहस: बाइक सवार बदमाशों ने 17 वर्षी

Patna - वैशाली जिले के नगर थाना क्षेत्र स्थित गर्दनिया चौक सोमवार को गोलियों की तड़तड़ाहट से थर्रा उठा। बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने एक 17 वर्षीय युवक को सरेआम गोली मार दी। अचानक हुई इस फायरिंग से बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।

घायल युवक की पहचान और इलाज

गोलीबारी की इस घटना में घायल युवक की पहचान जढुआ निवासी आर्णव कुमार (17 वर्ष) के रूप में हुई है। आनन-फानन में स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उसे हाजीपुर सदर अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों की टीम उसका इलाज कर रही है। गनीमत रही कि गोली युवक के पैर में लगी, जिससे उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

दो महीने पुराना विवाद बना वजह

घायल आर्यन ने अस्पताल में बताया कि यह पूरा विवाद लगभग दो महीने पहले शुरू हुआ था। सोनपुर जाने के दौरान उसकी बाइक एक स्कॉर्पियो से सट गई थी, जिसके बाद स्कॉर्पियो सवारों से तीखी नोकझोंक हुई थी। वे लोग औद्योगिक थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव के रहने वाले थे। आर्यन के अनुसार, आज दोपहर जब वह जा रहा था, तभी चाणक्य कॉलोनी के आदर्श और सुल्तानपुर के राहुल ने उसे रोक लिया।

जबरन बाइक पर बिठाने की कोशिश, फिर फायरिंग

पीड़ित का आरोप है कि दोनों आरोपी उसे जबरन अपनी बाइक पर बिठाकर कहीं ले जाने की कोशिश कर रहे थे। जब आर्यन ने इसका पुरजोर विरोध किया और शोर मचाया, तो आरोपियों ने उस पर फायरिंग झोंक दी। एक गोली सीधे उसके पैर में जा लगी। पुलिस का भी मानना है कि शुरुआती जांच में मामला पुराने विवाद का ही लग रहा है।

पुलिस की छापेमारी और केस दर्ज

घटना की सूचना मिलते ही नगर थाने की पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और पीड़ित का बयान दर्ज किया। नगर थाने के पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने दावा किया है कि बहुत जल्द दोनों हमलावर सलाखों के पीछे होंगे।

Report - Rishav kumar