पटना शिक्षक सीट से BJP प्रत्याशी नवल किशोर यादव को मिला नामांकन प्रपत्र, संजय सरावगी से मिलकर बड़ा ऐलान
नवल किशोर यादव ने अपनी पोस्ट में कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी द्वारा पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र, 2026 के चुनाव के लिए नामांकन से संबंधित प्रपत्र दिए जाने पर वह उनका हृदय से आभार व्यक्त करते हैं।
Bihar MLC Election 2026 : बिहार विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की आठ सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी बीच पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी नवल किशोर यादव ने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी से नामांकन से संबंधित प्रपत्र प्राप्त किया। इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर प्रदेश अध्यक्ष और पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार जताया।
नवल किशोर यादव ने अपनी पोस्ट में कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी द्वारा पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र, 2026 के चुनाव के लिए नामांकन से संबंधित प्रपत्र दिए जाने पर वह उनका हृदय से आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी की ओर से मिला यह विश्वास उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है।
उन्होंने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और प्रत्येक कार्यकर्ता के विश्वास के प्रति वह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्व का निर्वहन करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। नवल किशोर यादव ने कार्यकर्ताओं और समर्थकों के स्नेह, आशीर्वाद और विश्वास को अपनी सबसे बड़ी शक्ति बताया।
पटना शिक्षक सीट से फिर मैदान में नवल किशोर यादव
भाजपा ने 29 सितंबर को बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए चार प्रत्याशियों की घोषणा की थी। इसमें पटना शिक्षक सीट से नवल किशोर यादव, कोसी स्नातक से डॉ. एनके यादव, दरभंगा स्नातक से सर्वेश कुमार और तिरहुत शिक्षक से नरेंद्र प्रसाद सिंह को उम्मीदवार बनाया गया है। नवल किशोर यादव मौजूदा विधान पार्षद भी हैं। पटना शिक्षक सीट पर आरजेडी ने पहले ही डॉ. संजीव कुमार को उम्मीदवार बनाया है और उन्होंने नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के पहले दिन ही अपना पर्चा दाखिल कर दिया था। ऐसे में इस सीट पर चुनावी मुकाबले की तस्वीर धीरे-धीरे स्पष्ट हो रही है।
आठ सीटों पर 23 अक्टूबर को मतदान
बिहार विधान परिषद की चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की कुल आठ सीटों पर चुनाव होना है। स्नातक सीटों में पटना, दरभंगा, तिरहुत और कोसी शामिल हैं, जबकि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना, दरभंगा, तिरहुत और सारण सीटें हैं। इन सीटों के मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 16 नवंबर 2026 को समाप्त हो रहा है।
चुनाव आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर है। 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 9 अक्टूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा, जबकि 27 अक्टूबर को मतगणना होगी।
BJP और JDU ने चार-चार सीटों पर उतारे उम्मीदवार
NDA में बिहार की इन आठ सीटों का बंटवारा BJP और JDU के बीच चार-चार सीटों के रूप में हुआ है। BJP ने पटना शिक्षक, कोसी स्नातक, दरभंगा स्नातक और तिरहुत शिक्षक सीट पर उम्मीदवार उतारे हैं। वहीं JDU ने पटना स्नातक से नीरज कुमार, तिरहुत स्नातक से अभिषेक झा, सारण शिक्षक से आनंद पुष्कर और दरभंगा शिक्षक से घनश्याम राय को प्रत्याशी बनाया है।
इन चुनावों में जन सुराज ने भी सभी आठ सीटों पर उम्मीदवार उतारने की घोषणा की है, जबकि विपक्षी दलों की ओर से भी अलग-अलग सीटों पर प्रत्याशी मैदान में हैं। ऐसे में नामांकन की अंतिम तारीख के बाद मुकाबले की अंतिम तस्वीर और साफ होगी।