बिहार विधान परिषद के 10 नवनिर्वाचित सदस्यों ने ली शपथ, निशांत-पवन सिंह सहित इन लोगों ने शुरू की नई पारी

Bihar Legislative Council
Bihar Legislative Council - फोटो : news4nation

Bihar Legislative Council  : बिहार विधान परिषद की 10 सीटों पर निर्विरोध निर्वाचित सदस्यों ने बुधवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। विधान परिषद एनेक्सी के मुख्य सभागार में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में सभी नवनिर्वाचित सदस्यों ने उच्च सदन के सदस्य के रूप में अपनी नई पारी की शुरुआत की।


सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की ओर से जनता दल (यूनाइटेड) के निशांत कुमार, भारती मेहता, शिवानी देवी प्रजापति और ललन प्रसाद ने शपथ ग्रहण किया। वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पवन सिंह, संजय प्रकाश मयूख, अनिल ठाकुर और शीला पंडित ने भी विधान परिषद सदस्य के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। इसके अलावा लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अशरफ अंसारी और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के डॉ. सुनील कुमार सिंह ने भी शपथ लेकर अपने नए कार्यकाल की शुरुआत की।


शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव तथा बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह समेत कई मंत्री, विधायक और वरिष्ठ जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। शपथ ग्रहण के साथ ही सभी नवनिर्वाचित सदस्य अब औपचारिक रूप से बिहार विधान परिषद की कार्यवाही में भाग ले सकेंगे। समारोह के दौरान सभी दलों के नेताओं ने नवनिर्वाचित सदस्यों को शुभकामनाएं दीं और उनके सफल कार्यकाल की कामना की।


वन्दना की रिपोर्ट