Bihar Road Accident: सारण में दर्दनाक हादसा, ट्रक ने मां-बेटी को कुचला, महिला की मौत

Bihar Road Accident: सारण के नगरा थाना क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार महिला बबीता देवी की मौत, 13 वर्षीय बेटी गुड़िया कुमारी गंभीर रूप से घायल।

Bihar Road Accident

Bihar Road Accident: छपरा के मशरख मुख्य पथ पर नगरा थाना के सामने बुधवार (1 जुलाई 2026) की देर शाम को एक अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से बाइक पर सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी 13 वर्षीय पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा- तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। मृतका की पहचान नगरा थाना क्षेत्र के अफौर गांव निवासी संतलाल साह की 40 वर्षीय बबीता देवी के रूप में हुई है। 

घायल बच्ची की पहचान उनकी 13 वर्षीय पुत्री गुड़िया कुमारी के रूप में हुई है। चश्मदीदों के द्वारा बताया गया कि मृतक बबीता देवी अपने भतीजा और पुत्री के साथ बाइक से अपने घर अफौर गांव से नगरा बाजार किसी आवश्यक कार्य से जा रही थीं। इसी दौरान नगरा थाना के समीप एक ट्रक से  साइड लेकर आगे निकलने के प्रयास में बाइक असंतुलित होकर अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आ गई और हादसे में महिला ट्रक के नीचे आ गई, जिससे उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई, जबकि पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गई।

ट्रक को धक्का देकर महिला के शव को निकाला गया बाहर

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीण और नगरा थाने के थानाध्यक्ष अभिनंदन यादव ने साहस का परिचय देते हुए ट्रक को धक्का देकर महिला के शव को बाहर निकाला। वहीं घायल गुड़िया कुमारी को स्थानीय लोगों एवं नगरा थाने की पुलिस की मदद से तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगरा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज सदर अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं बालू लदी ट्रक के ड्राइवर ट्रक छोड़ कर मौके का फ़ायदा उठाते हुए फरार होने में कामयाब हो गया। 

शव को कब्जे में लेकर पोस्ट मार्टम के लिए भेजा गया

थानाध्यक्ष अभिनंदन यादव ने सभी को अस्पताल भेजा और ट्रक को साइड कर यातायात चालू कराया। इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्ट मार्टम के लिए सदर अस्पताल छपरा भेज दिया। पोस्ट मार्टम होने के बाद शव को परिजनों के जिम्मे सौंप दिया गया। इस संबंध थानाध्यक्ष अभिनंदन यादव ने बताया कि मृतक के परिजनों का फर्द बयान दर्ज किया जा रहा हैं। ट्रक को जप्त कर लिया और ट्रक मालिक का पता लगाया जा रहा हैं। 

 छपरा से धर्मेद्र रास्तोगी