Bihar Budget 2026: बिहार विधानमंडल के बजट सत्र का तीसरा दिन आज, 12 मिनट के बजट को लेकर विपक्ष करेगा बवाल
Bihar Budget 2026: बिहार विधानमंडल के बजट सत्र का आज तीसरा दिन है। बजट सत्र में विपक्ष का जबरदस्त हंगामा देखने को मिल सकता है। 12 मिनट में वित्त मंत्री ने बजट पेश कर दिया था जिसको लेकर विपक्ष हंगामा करेगा।
Bihar Budget 2026: बिहार विधानमंडल के बजट सत्र का आज तीसरा दिन है। दूसरे दिन यानी 3 फरवरी को वित्त मंत्री बिजेंद्र यादव ने बिहार का बजट पेश किया। बिहार के वित्तीय वर्ष का बजट मात्र 12 मिनट में पेश कर दिया गया। जिसके बाद विपक्ष का हंगामा लगातार जारी है। आज भी सदन में विपक्ष जोरदार हंगामा कर सकता है। वहीं आज सदन में राज्यपाल के अभिभाषण और वर्ष 2026-27 के बिहार बजट पर चर्चा होगी। वहीं, NEET छात्रा की मौत के मामले को लेकर विपक्ष के हंगामा करने के आसार जताए जा रहे हैं।
11 बजे शुरु होगी कार्यवाही
सदन की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू होगी। पहले सत्र में प्रश्नोत्तर काल आयोजित किया जाएगा, जिसमें विधायकों के सवालों का संबंधित मंत्री जवाब देंगे। ध्यानाकर्षण सूचना के तहत विधायक श्याम रजक द्वारा उठाए गए सवालों पर उच्च शिक्षा विभाग से जुड़े प्रभारी मंत्री जवाब देंगे। इसके अलावा जल संसाधन विभाग से संबंधित मुद्दों पर विधायक राणा रंधीर, अनिल सिंह समेत पांच विधायकों ने ध्यानाकर्षण प्रस्ताव दिया है।
बजट सत्र के दूसरे दिन की बड़ी बातें
बजट सत्र के दूसरे दिन नीतीश सरकार ने वर्ष 2026-27 का आम बजट पेश किया। वित्त मंत्री बिजेंद्र यादव ने 3 लाख 47 हजार 589 करोड़ रुपये का बजट सदन में रखा, जो पिछले बजट की तुलना में 30,694.74 करोड़ रुपये अधिक है। सरकार ने राज्य में 5 नए एक्सप्रेस-वे निर्माण और सभी सिंगल लेन सड़कों को डबल लेन में तब्दील करने की घोषणा की।
किसानों को बड़ी राहत
सरकार ने किसानों को बड़ी राहत देते हुए जननायक कर्पूरी ठाकुर किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत की। इसके तहत किसानों को सालाना 3,000 रुपये दिए जाएंगे। यह राशि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की मौजूदा राशि के साथ डीबीटी के माध्यम से सीधे किसानों के खाते में भेजी जाएगी।
लगातार बढ़ रहा बजट का आकार
वित्त मंत्री बिजेंद्र यादव ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में बजट का आकार लगातार बढ़ा है। उन्होंने कहा, “ज्ञान, ईमान, विज्ञान, अरमान और सम्मान से बिहार तेजी से आगे बढ़ेगा। सबका सम्मान–जीवन आसान की दिशा में सरकार काम कर रही है।” उन्होंने मात्र 12 मिनट में बजट भाषण पूरा किया। सरकार के अनुसार 2025-26 में बिहार की आर्थिक वृद्धि दर 14.9 प्रतिशत रहने का अनुमान है।
शिक्षा विभाग को सबसे ज्यादा बजट
शिक्षा एवं उच्च शिक्षा: ₹68,216.95 करोड़
ग्रामीण विकास: ₹23,701.18 करोड़
स्वास्थ्य: ₹21,270.40 करोड़
गृह विभाग (पुलिस–प्रशासन): ₹20,132.87 करोड़
ऊर्जा विभाग: ₹18,737.06 करोड़
सड़क निर्माण (ग्रामीण + शहरी): ₹18,716.97 करोड़
कल्याणकारी विभाग: ₹13,202.38 करोड़