बिहार में रोजगार का नया डिजिटल मॉडल, एक मंच पर जुड़ेंगे युवा और निजी कंपनियां

बदलते समय में रोजगार के अवसरों को डिजिटल माध्यम से उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है। यह प्लेटफॉर्म युवाओं और उद्योग जगत के बीच की दूरी को कम करेगा तथा योग्य उम्मीदवारों को बेहतर अवसर दिलाएगा

 Integrated Digital Employment Platform
Integrated Digital Employment Platform- फोटो : news4nation

Bihar News : बिहार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता मंगल पांडेय ने बिहार सरकार द्वारा शुरू किए गए एकीकृत डिजिटल रोजगार प्लेटफॉर्म का स्वागत करते हुए कहा कि यह पहल राज्य के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि डिजिटल तकनीक के माध्यम से बेरोजगार युवाओं, निजी उद्योगों तथा नियोक्ताओं को एक ही मंच पर जोड़ने का यह प्रयास रोजगार व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, सरल और प्रभावी बनाएगा।


मंगल पांडेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में डिजिटल इंडिया, स्किल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसे अभियानों ने युवाओं के लिए नए अवसरों का मार्ग प्रशस्त किया है। आज भारत का युवा अपनी प्रतिभा और कौशल के बल पर देश-दुनिया में नई पहचान बना रहा है। केंद्र सरकार की दूरदर्शी नीतियों ने रोजगार और स्वरोजगार के अनेक नए द्वार खोले हैं। 


बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा डिजिटल रोजगार प्लेटफॉर्म की शुरुआत युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में एक सकारात्मक और उपयोगी पहल है। जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का भी लगातार मार्गदर्शन मिल रहा है। इस पोर्टल के माध्यम से युवा अपनी शैक्षणिक योग्यता एवं कौशल के अनुसार पंजीकरण कर सकेंगे, रोजगार मेलों की जानकारी प्राप्त करेंगे, निजी कंपनियों में उपलब्ध रिक्तियों के लिए आवेदन कर सकेंगे तथा करियर परामर्श एवं कौशल विकास कार्यक्रमों का लाभ उठा सकेंगे।


उन्होंने कहा कि बदलते समय में रोजगार के अवसरों को डिजिटल माध्यम से उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है। यह प्लेटफॉर्म युवाओं और उद्योग जगत के बीच की दूरी को कम करेगा तथा योग्य उम्मीदवारों को उनकी क्षमता के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराने में सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि राज्य के युवा इस डिजिटल रोजगार प्लेटफॉर्म पर अधिक से अधिक संख्या में पंजीकरण कर उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाएं। 


पांडेय ने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से बिहार के युवाओं के लिए रोजगार, कौशल विकास और उद्यमिता के नए अवसर निरंतर बढ़ेंगे तथा बिहार आत्मनिर्भर और विकसित राज्य बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा।