Bihar Health News:दशहरा पर बिहार में स्वास्थ्य विभाग का हाई अलर्ट, अस्पतालों में औचक छापेमारी, लापरवाही मिली तो होगी कार्रवाई!

Bihar Health News:दशहरा के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए बिहार का स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है।...

Bihar Health
दशहरा पर बिहार में स्वास्थ्य विभाग का हाई अलर्ट- फोटो : social Media

Bihar Health News:दशहरा के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए बिहार का स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। राज्य के सभी मेडिकल कॉलेज अस्पतालों, जिला अस्पतालों, अनुमंडलीय अस्पतालों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है। कोलकाता और ग्वालियर की घटनाओं के बाद आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था को लेकर विभाग ने निगरानी और सख्त कर दी है।

स्वास्थ्य सचिव कुमार रवि ने मेडिकल कॉलेज अस्पतालों के प्राचार्यों, अधीक्षकों और सभी जिलों के सिविल सर्जनों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि त्योहार के दौरान अस्पतालों में चिकित्सकों और पारा मेडिकल कर्मियों की उपस्थिति हर हाल में सुनिश्चित की जाए। साथ ही मरीजों को नि:शुल्क जांच, दवाओं की उपलब्धता और तत्काल इलाज की सुविधा देने में किसी तरह की कोताही नहीं होनी चाहिए।

अस्पतालों में औचक निरीक्षण, व्यवस्था की खुलेगी पोल

स्वास्थ्य विभाग ने केवल कागजी निर्देश जारी करने तक खुद को सीमित नहीं रखा है। राज्य और प्रमंडल मुख्यालय स्तर पर तैनात अधिकारी सरकारी अस्पतालों का औचक निरीक्षण करेंगे। इस दौरान डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता, इमरजेंसी सेवाओं, जांच सुविधाओं और दवा वितरण की वास्तविक स्थिति परखेंगे।

ट्रामा चिकित्सा एवं सड़क सुरक्षा के राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. अभिषेक कुमार सिन्हा ने सभी प्रमंडलों में तैनात क्षेत्रीय कार्यक्रम पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे दशहरा के दौरान अधिक मरीजों वाले तीन अस्पतालों का निरीक्षण करें। इसमें अनुमंडलीय अस्पताल, पीएचसी, सीएचसी और शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शामिल होंगे।

रिपोर्ट मुख्यालय को भेजने का फरमान

निरीक्षण में किसी भी व्यवस्था को हल्के में नहीं लिया जाएगा। विभाग ने प्रत्येक अस्पताल के लिए अलग-अलग जांच प्रारूप उपलब्ध कराया है, जिसमें एक-एक सुविधा और इंतजाम की बारीकी से पड़ताल कर रिपोर्ट तैयार करनी होगी। निरीक्षण रिपोर्ट मुख्यालय को भेजना अनिवार्य किया गया है।

निर्देश जारी होते ही अधिकारी हरकत में आ गए हैं। पूर्णिया जिले के के. नगर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के औचक निरीक्षण की पहली रिपोर्ट रविवार को कोशी प्रमंडल के कार्यक्रम पदाधिकारी द्वारा मुख्यालय भेजे जाने की जानकारी सामने आई है।दशहरा के दौरान भीड़, सड़क दुर्घटनाओं और अन्य आपात स्थितियों की आशंका को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की यह कवायद अहम मानी जा रही है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि अस्पतालों में निर्देशों का कितना पालन होता है और मरीजों को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल पाती है या नहीं।