स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने वैशाली में फहराया तिरंगा, पटना आवास पर भी किया ध्वजारोहण
निशांत पहली बार बिहार सरकार में मंत्री बने हैं। मंत्री बनने के बाद यह उनका पहला स्वतंत्रता दिवस समारोह है, जिसमें उन्होंने वैशाली में मुख्य समारोह के दौरान ध्वजारोहण किया।
Nishant : 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने शनिवार को वैशाली स्थित अक्षयवट राय स्टेडियम में तिरंगा फहराया। इस दौरान उन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और वीर सपूतों को नमन किया तथा प्रदेश और देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
वैशाली में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में ध्वजारोहण के बाद निशांत ने देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए सामूहिक संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी को मिलकर एक सशक्त और समृद्ध भारत के निर्माण में योगदान देना चाहिए।
इससे पहले स्वतंत्रता दिवस की सुबह निशांत कुमार ने पटना स्थित अपने आवास पर भी तिरंगा फहराया। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए इसकी तस्वीरें साझा करते हुए देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले वीरों को श्रद्धांजलि दी।
निशांत कुमार बिहार के मुख्यमंत्री रह चुके नीतीश कुमार के बेटे हैं और वर्तमान बिहार की एनडीए सरकार में स्वास्थ्य मंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वह पहली बार बिहार सरकार में मंत्री बने हैं। मंत्री बनने के बाद यह उनका पहला स्वतंत्रता दिवस समारोह है, जिसमें उन्होंने वैशाली में मुख्य समारोह के दौरान ध्वजारोहण किया।

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर आयोजित दोनों कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे।