टीबी, अस्थमा और फेफड़ों के कैंसर पर निशांत का फोकस, BREATHCON 2026 में दिया बड़ा संदेश

निशांत कुमार ने कहा कि देश और बिहार में टीबी, सीओपीडी, अस्थमा, फेफड़ों से जुड़ी अन्य बीमारियां, फेफड़ों का कैंसर और स्लीप एपनिया जैसी श्वसन संबंधी बीमारियां बड़ी स्वास्थ्य चुनौती बनकर सामने आ रही हैं।

Bihar Health Minister Nishant
Bihar Health Minister Nishant - फोटो : news4nation

Bihar News :  बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार रविवार को पटना स्थित ऊर्जा ऑडिटोरियम में आयोजित BREATHCON 2026 कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने फेफड़ा रोग विशेषज्ञों, शोधकर्ताओं, वरिष्ठ चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने श्वसन संबंधी बीमारियों की बढ़ती चुनौती और इनके बेहतर उपचार, रोकथाम तथा जन-जागरूकता की जरूरत पर जोर दिया।


स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सांसों का चलना जीवन का आधार है और उनका रुक जाना मृत्यु की अवस्था है। ऐसे में चिकित्सा विज्ञान में चेस्ट मेडिसिन और श्वसन रोगों से जुड़े अनुसंधान, रोकथाम एवं उपचार की विधियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण हो जाती है।


टीबी, अस्थमा और फेफड़ों का कैंसर बड़ी चुनौती

निशांत कुमार ने कहा कि देश और बिहार में टीबी, सीओपीडी, अस्थमा, फेफड़ों से जुड़ी अन्य बीमारियां, फेफड़ों का कैंसर और स्लीप एपनिया जैसी श्वसन संबंधी बीमारियां बड़ी स्वास्थ्य चुनौती बनकर सामने आ रही हैं। इन बीमारियों की पहचान, रोकथाम और इलाज में पल्मोनोलॉजिस्ट यानी फेफड़ा रोग विशेषज्ञों की भूमिका अहम है।


उन्होंने कहा कि बदलती स्वास्थ्य चुनौतियों के बीच विशेषज्ञ चिकित्सकों, शोधकर्ताओं और स्वास्थ्यकर्मियों के बीच संवाद और अनुभवों का आदान-प्रदान जरूरी है। इससे उपचार की बेहतर पद्धतियों और नई चिकित्सा तकनीकों को अपनाने में मदद मिलेगी।


बिहार को स्वस्थ बनाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी

स्वास्थ्य मंत्री ने BREATHCON जैसे आयोजनों को सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि श्वसन संबंधी बीमारियों से निपटने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा। बेहतर उपचार सुविधाओं के साथ-साथ बीमारी के प्रति लोगों को जागरूक करना भी जरूरी है।


उन्होंने कहा कि रोकथाम, गुणवत्तापूर्ण इलाज और जन-जागरूकता के सामूहिक प्रयासों से बिहार को स्वस्थ और खुशहाल बनाने की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है।