NEET परीक्षार्थियों को बिहार सरकार का बड़ा तोहफा, CM सम्राट चौधरी ने किया ऐलान

3 मई 2026 को बिहार समेत देशभर में आयोजित NEET-UG परीक्षा को पेपर लीक विवाद के बाद रद्द कर दिया गया था। पुनर्परीक्षा की नई तारीख 21 जून 2026 है.

Samrat Chaudhary on NEET
Samrat Chaudhary on NEET - फोटो : news4nation

NEET :  बिहार में NEET-UG 2026 की पुनर्परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों के लिए राज्य सरकार ने बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को घोषणा करते हुए कहा कि परीक्षा में शामिल होने वाले सभी परीक्षार्थियों को बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की सरकारी बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि छात्रों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए सरकार हर संभव सहयोग करेगी। 


उन्होंने जिला प्रशासन, राज्य के मठ-मंदिरों और सामाजिक संगठनों से भी अपील की कि बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य प्रमुख स्थानों पर परीक्षार्थियों एवं उनके अभिभावकों के लिए पेयजल, सत्तू और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की जाए। सम्राट चौधरी ने सभी अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार छात्रों के भविष्य को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है और परीक्षा के दौरान उन्हें बेहतर माहौल उपलब्ध कराने की कोशिश की जा रही है।


दरअसल, 3 मई 2026 को बिहार समेत देशभर में आयोजित NEET-UG परीक्षा को पेपर लीक विवाद के बाद रद्द कर दिया गया था। बाद में केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने पुनर्परीक्षा की नई तारीख 21 जून 2026 घोषित की। NTA के अनुसार, 3 मई को आयोजित परीक्षा में देशभर से करीब 22.79 लाख छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। 


वहीं बिहार उन राज्यों में शामिल रहा जहां सबसे अधिक परीक्षार्थी थे। रिपोर्टों के मुताबिक, बिहार में इस वर्ष करीब 1.6 लाख अभ्यर्थियों ने NEET-UG परीक्षा दी थी और राज्यभर में 142 से अधिक परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। पेपर लीक मामले की जांच फिलहाल केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो कर रही है और अब तक कई गिरफ्तारियां भी हो चुकी हैं।