Bihar raids on pharmacies: बिहार में नकली दवाओं के कारोबार पर शिकंजा, 18 जिलों में 34 ठिकानों पर छापेमारी; 17 से ज्यादा जगह मिली गड़बड़ी
Bihar raids on pharmacies: बिहार में नकली और अवैध दवाओं के कारोबार पर रोक लगाने के लिए 18 जिलों में 34 स्थानों पर छापेमारी हुई। 17 से अधिक जगहों पर अनियमितताएं मिलीं।
Bihar raids on pharmacies: बिहार में नकली और अवैध दवाओं के कारोबार पर रोक लगाने के लिए औषधि नियंत्रण विभाग ने गुरुवार को राज्यव्यापी अभियान चलाया। इस दौरान 18 जिलों में कुल 34 स्थानों पर दवा दुकानों की सघन जांच और छापेमारी की गई। प्रारंभिक जांच में 17 से अधिक स्थानों पर अनियमितताएं सामने आई हैं। वहीं, बिना लाइसेंस संचालित एक दवा दुकान में दवाओं को सील कर दुकानदार के खिलाफ अभियोजन की कार्रवाई शुरू की गई है।
18 जिलों में चला जांच अभियान
औषधि नियंत्रण विभाग की टीमों ने पटना, मधेपुरा, पूर्णिया, भोजपुर, वैशाली, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, दरभंगा, सुपौल, सारण, औरंगाबाद, भागलपुर, गयाजी, बक्सर, कटिहार, कैमूर, मधुबनी और मुंगेर में अभियान चलाया। इस दौरान अलग-अलग दवा दुकानों में उपलब्ध दवाओं, लाइसेंस, खरीद-बिक्री के दस्तावेजों और अनिवार्य रजिस्टरों की जांच की गई। विभाग का उद्देश्य नकली, संदिग्ध और नियमों के विरुद्ध बेची जा रही दवाओं की पहचान करना था।
पटना के सागर मेडिको से आयुर्वेदिक दवाओं के नमूने लिए गए
पटना के जीएम रोड स्थित सागर मेडिको, मुरली फार्मा और पॉपुलर नामक दवा प्रतिष्ठानों में विशेष जांच की गई। सागर मेडिको से संदेह के आधार पर चार आयुर्वेदिक दवाओं के नमूने लिए गए हैं। इन नमूनों की जांच कराई जाएगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि दवाओं में एलोपैथिक औषधीय तत्वों का मिश्रण तो नहीं किया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मुरली फार्मा में खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड नहीं मिले
मुरली फार्मा में जांच के दौरान दवाओं की खरीद-बिक्री और रिकॉर्ड के रखरखाव में कई अनियमितताएं सामने आईं। प्रतिष्ठान की ओर से टीबी के उपचार में इस्तेमाल होने वाली तीन दवाओं और एनआरएक्स श्रेणी की एक दवा की बिक्री से संबंधित रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं कराया गया। इसके अलावा दो अन्य दवाओं की खरीद का रिकॉर्ड भी नहीं दिया गया। जांच के दौरान शेड्यूल एच-1 के तहत अनिवार्य रजिस्टर भी उपलब्ध नहीं पाया गया।
एजिथ्राल-500 दवा की प्रामाणिकता पर संदेह
मुरली फार्मा में एजिथ्राल-500 नाम की एक संदिग्ध दवा भी मिली। इस दवा पर अंकित क्यूआर कोड स्कैन नहीं हो रहा था। इसके बाद उसकी एक स्ट्रिप निर्माता कंपनी को भेजकर प्रामाणिकता की जांच कराने के लिए ली गई है। कंपनी से सत्यापन रिपोर्ट मिलने के बाद दवा की वास्तविकता को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
पॉपुलर से पांच दवाएं जांच के लिए भेजीं
पॉपुलर नामक प्रतिष्ठान से पांच दवाओं को उनकी प्रामाणिकता की जांच के लिए संबंधित निर्माता कंपनी के पास भेजा गया है। प्रारंभिक स्तर पर कंपनी ने इन दवाओं के अपने उत्पाद होने पर संदेह जताया है। दवाओं की तस्वीरों का मिलान करने पर भी अंतर पाया गया है। हालांकि, इस संबंध में कंपनी की विस्तृत रिपोर्ट आना बाकी है। रिपोर्ट मिलने के बाद विभाग आगे की कार्रवाई करेगा।
बिना लाइसेंस दुकान में दवाएं सील, दुकानदार पर कार्रवाई
राज्यव्यापी अभियान के दौरान एक ऐसी दवा दुकान भी मिली, जो बिना लाइसेंस संचालित की जा रही थी। विभागीय टीम ने वहां मौजूद दवाओं को सील कर दिया है और दुकानदार के खिलाफ अभियोजन की कार्रवाई शुरू कर दी है। औषधि नियंत्रण विभाग की इस कार्रवाई से दवा कारोबार में नियमों के पालन और दवाओं की गुणवत्ता को लेकर जांच तेज हुई है। संदिग्ध दवाओं की जांच रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।