बिहार कैबिनेट का बड़ा फैसला: ई-कैबिनेट व्यवस्था शुरू, पटना की जलापूर्ति के लिए 1,794 करोड़ मंजूर, इन एजेंडों पर लगी मुहर
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बैठक के बाद बताया कि आज से बिहार मंत्रिमंडल की बैठकों में ई-कैबिनेट व्यवस्था लागू कर दी गई है। इसके तहत कैबिनेट की पूरी कार्यप्रणाली डिजिटल और पेपरलेस होगी।
Bihar Cabinet : बिहार में सरकारी कामकाज को आधुनिक और पारदर्शी बनाने की दिशा में बुधवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में कई अहम फैसले लिए गए। बैठक में ई-कैबिनेट व्यवस्था की शुरुआत के साथ पटना की जलापूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने और ग्राम कचहरियों के प्रशासनिक खर्च में बढ़ोतरी समेत कई एजेंडों पर मुहर लगाई गई।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बैठक के बाद बताया कि आज से बिहार मंत्रिमंडल की बैठकों में ई-कैबिनेट व्यवस्था लागू कर दी गई है। इसके तहत कैबिनेट की पूरी कार्यप्रणाली डिजिटल और पेपरलेस होगी। नई तकनीक के इस्तेमाल से सरकारी कामकाज को अधिक सुगम, तेज और पारदर्शी बनाने में मदद मिलेगी।
पटना की जलापूर्ति के लिए 1,794 करोड़ मंजूर
राजधानी पटना में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए कैबिनेट ने बड़ा फैसला लिया है। केंद्र प्रायोजित अमृत 2.0 मिशन के तहत पटना जलापूर्ति परियोजना के लिए 1,794.32 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। इस परियोजना से शहर में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता और जलापूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
ग्राम कचहरियों का प्रशासनिक खर्च छह गुना बढ़ा
कैबिनेट ने ग्राम कचहरियों को आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। राज्य की प्रत्येक ग्राम कचहरी के प्रशासनिक व्यय की वार्षिक राशि 4,000 रुपये से बढ़ाकर 24,000 रुपये करने की स्वीकृति दी गई है। बढ़ी हुई राशि 1 अप्रैल 2027 से प्रभावी होगी। इस फैसले से ग्राम कचहरियों के नियमित संचालन और ग्रामीण स्तर पर स्थानीय न्याय व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
SSB की 19वीं एवं 41वीं वाहिनी के वॉच टावर निर्माण
सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय! किशनगंज जिले के ठाकुरगंज अंचल में 11.884 डिसमिल बिहार सरकार की भूमि पर SSB की 19वीं एवं 41वीं वाहिनी के वॉच टावर निर्माण हेतु भूमि हस्तांतरण को स्वीकृति दी गई है। ₹4,38,063 के भुगतान पर गृह मंत्रालय, भारत सरकार को भूमि के स्थायी हस्तांतरण किया गया।
इस्लामपुर - समस्तीपुर में औद्योगिक विकास
नालंदा के इस्लामपुर में औद्योगिक विकास को मिलेगी नई रफ्तार! मौजा-ब्रहगाँवा में 564.37 एकड़ भूमि के अधिग्रहण हेतु ₹382.23 करोड़ की प्रशासनिक एवं व्यय स्वीकृति प्रदान की गई। इसी तरह समस्तीपुर को औद्योगिक विकास की नई सौगात देते हुए खानपुर अंचल के तीन मौजों में कुल 480 एकड़ भूमि के अधिग्रहण हेतु ₹261.92 करोड़ की प्रशासनिक एवं व्यय स्वीकृति दी गई।
बुधवार की कैबिनेट बैठक में इन फैसलों के अलावा भी कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। सरकार का कहना है कि इन निर्णयों का उद्देश्य प्रशासनिक व्यवस्था को आधुनिक बनाने के साथ-साथ शहरी सुविधाओं और ग्रामीण स्तर की संस्थाओं को सशक्त करना है।