DM की तस्वीर लगे व्हाट्सएप मैसेज पर DDC ने भेजे 30 हजार रुपये, मुलाकात के बाद खुला फ्रॉड

बिहार के एक सीमावर्ती जिले में जिलाधिकारी की तस्वीर वाली व्हाट्सएप डीपी के जरिए डीडीसी से 30,000 रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। डीएम और एसपी को जानकारी होने के बावजूद लिखित शिकायत दर्ज न होने से चर्चा तेज है।

Bihar border district DDC cyber fraud
DM की तस्वीर लगे व्हाट्सएप मैसेज पर DDC ने भेजे 30 हजार रुपये- फोटो : news 4 nation

बिहार में साइबर ठगी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, लेकिन एक सीमावर्ती जिले का ताजा मामला प्रशासनिक सतर्कता पर गंभीर सवाल खड़े करता है। साइबर अपराध रोकने के लिए केंद्र और राज्य सरकार की ओर से करोड़ों रुपये खर्च किए जाने के बावजूद जब एक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी ही ठगों के जाल में फंस जाएं, तो आम लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ना स्वाभाविक है। इस मामले में जिले में तैनात उप विकास आयुक्त (डीडीसी) महज एक तस्वीर, संक्षिप्त चैट और व्हाट्सएप मिस कॉल के झांसे में आकर यूपीआई के जरिए हजारों रुपये ट्रांसफर कर बैठे।


'गुड आफ्टरनून' और मिस कॉल के जाल में फंसे अधिकारी

यह पूरा प्रकरण बिहार के पश्चिम बंगाल ,नेपाल और बांग्लादेश से जुड़े सीमावर्ती जिले से जुड़ा है, जहां तैनात डीडीसी के मोबाइल पर दोपहर बाद एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप मैसेज आया। संदेश भेजने वाले की डीपी पर जिलाधिकारी (डीएम) की तस्वीर लगी हुई थी, जिससे मैसेज को गंभीरता से लिया गया। शुरुआती 'गुड आफ्टरनून' संदेश के बाद आए व्हाट्सएप मिस कॉल पर भी तुरंत प्रतिक्रिया दी गई और चैट में कही गई बात के आधार पर 30,000 रुपये की रकम बिना अधिक पड़ताल किए यूपीआई के माध्यम से भेज दी गई।


30 हजार रुपये की मांग और पड़ताल का अभाव

इस पूरी घटना के दौरान सबसे बड़ा सवाल यही उठा कि आखिर एक जिलाधिकारी महज 30,000 रुपये के लिए व्हाट्सएप चैट और मिस कॉल के जरिए पैसे क्यों मांगेंगे। इस तरह के मामलों में वरिष्ठ अधिकारियों के नाम और तस्वीर का दुरुपयोग कर अधिकारियों व कर्मचारियों से 30,000 रुपये मांगने का तरीका साइबर ठगों के बीच एक पैटर्न बनता दिख रहा है। घटना के दौरान तथ्यों की स्वतंत्र पुष्टि न होना ठगों के लिए आसान मौका साबित हुआ।


मुलाकात के बाद खुला ठगी का राज

डीडीसी को अपने साथ हुई इस साइबर धोखाधड़ी का अहसास तब हुआ, जब उनकी जिलाधिकारी से प्रत्यक्ष मुलाकात हुई। मुलाकात के दौरान उन्होंने औपचारिकता और सम्मान के साथ पूछा कि क्या कोई और भी आदेश है। इसी बातचीत के बाद यह स्पष्ट हो सका कि व्हाट्सएप पर मैसेज और पैसे की मांग जिलाधिकारी की ओर से नहीं, बल्कि किसी साइबर ठग ने फर्जी पहचान के जरिए की थी।


पुलिस कप्तान व डीएम को जानकारी, पर शिकायत से परहेज

जिलाधिकारी की तस्वीर का इस्तेमाल कर हुए इस साइबर फ्रॉड का खुलासा होने के बाद भी मामला औपचारिक जांच की प्रक्रिया में आगे बढ़ता नहीं दिख रहा है। जानकारी के अनुसार, इस घटना से जिलाधिकारी और जिले के पुलिस कप्तान दोनों अवगत हैं, लेकिन इसके बावजूद अब तक साइबर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराने से परहेज किया जा रहा है। माना जा रहा है कि आर्थिक नुकसान के साथ-साथ बड़े पद पर रहते हुए साइबर ठगी का शिकार होने की संभावित किरकिरी भी चुप्पी की एक वजह हो सकती है।