बिहार बोर्ड 10वीं-12वीं कंपार्टमेंटल परीक्षा का रिजल्ट जारी, इंटर में 55.31% और मैट्रिक में 57.18% छात्र सफल, यहां चेक करें

मैट्रिक विशेष सह कंपार्टमेंटल परीक्षा में कुल 57.18 प्रतिशत छात्र-छात्राएं सफल हुए हैं। इस परीक्षा में 53.48 प्रतिशत छात्राएं और 57.84 प्रतिशत छात्र पास हुए हैं।

Bihar Board compartmental exam results
Bihar Board compartmental exam results- फोटो : news4nation

BSEB : बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने शनिवार को इंटरमीडिएट एवं मैट्रिक विशेष सह कंपार्टमेंटल परीक्षा 2026 का परिणाम जारी कर दिया। राज्य के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने रिजल्ट की घोषणा की। रिजल्ट जारी करते हुए शिक्षा मंत्री ने बताया कि इंटरमीडिएट कंपार्टमेंटल परीक्षा में कुल 55.31 प्रतिशत परीक्षार्थी सफल हुए हैं। इसमें छात्राओं का प्रदर्शन छात्रों की तुलना में बेहतर रहा। इंटर में 59.29 प्रतिशत छात्राएं और 52.65 प्रतिशत छात्र पास हुए हैं।


वहीं मैट्रिक विशेष सह कंपार्टमेंटल परीक्षा में कुल 57.18 प्रतिशत छात्र-छात्राएं सफल हुए हैं। इस परीक्षा में 53.48 प्रतिशत छात्राएं और 57.84 प्रतिशत छात्र पास हुए हैं। बिहार बोर्ड द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, इंटरमीडिएट कंपार्टमेंटल परीक्षा में कुल 6498 परीक्षार्थी शामिल हुए थे, जिनमें से 3711 सफल घोषित किए गए। दूसरी ओर मैट्रिक कंपार्टमेंटल परीक्षा में 6034 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी थी, जिनमें 3450 अभ्यर्थी पास हुए हैं।


विद्यार्थी अपना रिजल्ट बिहार बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर देख सकते हैं।  

बता दें कि बिहार बोर्ड ने मैट्रिक कंपार्टमेंटल परीक्षा का आयोजन 2 मई से 6 मई 2026 के बीच किया था, जबकि इंटरमीडिएट विशेष सह कंपार्टमेंटल परीक्षा 2 मई से 11 मई 2026 तक आयोजित हुई थी। परीक्षा दो पालियों में संपन्न कराई गई थी। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:45 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक चली थी।


दरअसल, कंपार्टमेंटल परीक्षा उन छात्रों के लिए आयोजित की जाती है जो मुख्य बोर्ड परीक्षा में एक या दो विषयों में असफल रह जाते हैं या किसी कारणवश नियमित परीक्षा में शामिल नहीं हो पाते। इस परीक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों को दोबारा अवसर दिया जाता है ताकि उनका एक शैक्षणिक वर्ष खराब न हो।