Rajya Sabha elections: सियासी शतरंज में BJP की बड़ी चाल, बिहार बीजेपी प्रभारी विनोद तावड़े महाराष्ट्र से राज्यसभा उम्मीदवार घोषित

बिहार बीजेपी प्रभारी और वरिष्ठ नेता विनोद तावड़े के नाम पर पार्टी ने मुहर लगा दी है।

 Bihar BJP incharge Vinod Tawde is the Rajya Sabha candidate
बिहार बीजेपी प्रभारी विनोद तावड़े महाराष्ट्र से राज्यसभा उम्मीदवार घोषित- फोटो : reporter

Rajya Sabha elections: सियासत के गलियारों में हलचल तेज है। भारतीय जनता पार्टी ने बिहार के बाद अब महाराष्ट्र से राज्यसभा चुनाव के लिए अपने चार दिग्गज उम्मीदवारों के नामों पर मुहर लगा दी है। 4 मार्च 2026 को पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की मंजूरी के बाद यह ऐलान किया गया, जिसने राजनीतिक फिज़ा में नई सरगर्मी पैदा कर दी है।

सबसे ज्यादा चर्चा जिस नाम को लेकर है, वह है बिहार बीजेपी प्रभारी और वरिष्ठ नेता विनोद तावड़े। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रह चुके तावड़े संगठन के मजबूत सिपहसालार माने जाते हैं। केंद्रीय स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाने वाले तावड़े को राज्यसभा भेजने का फैसला पार्टी की दीर्घकालिक रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।

इसके अलावा केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले को भी BJP ने अपने कोटे से उम्मीदवार बनाया है। दलित समुदाय में मजबूत पकड़ रखने वाले आठवले का नाम सामाजिक संतुलन और अनुभव का प्रतीक माना जा रहा है।

महिला प्रतिनिधित्व को मजबूती देते हुए पार्टी ने माया चिंतामण इवनते को भी मैदान में उतारा है। सामाजिक सरोकारों से जुड़ी उनकी पहचान और क्षेत्रीय संतुलन को ध्यान में रखकर यह फैसला लिया गया है। वहीं रामराव वडकुते जैसे अनुभवी संगठनकर्ता को शामिल कर BJP ने ग्रामीण-शहरी समीकरण साधने की कोशिश की है।

गौरतलब है कि महाराष्ट्र में राज्यसभा की सात सीटें रिक्त हो रही हैं। महायुति गठबंधनजिसमें भारतीय जनता पार्टी, शिवसेना और अन्य सहयोगी दल शामिल हैं का संख्याबल मजबूत है। ऐसे में अधिकांश सीटों पर गठबंधन की जीत की संभावना प्रबल मानी जा रही है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि BJP ने इन नामों के जरिए संगठनात्मक मजबूती, सामाजिक संतुलन और आगामी चुनावी समीकरणों को साधने की दूरदर्शी चाल चली है। अब सबकी निगाहें राज्यसभा चुनाव की तारीखों और नामांकन प्रक्रिया पर टिकी हैं, जहां सियासी शतरंज की अगली बिसात बिछेगी।

रिपोर्ट- धीरज सिंह