बिहार बंद ने पकड़ा हिंसक रूप, सीवान में अंधाधुंध फायरिंग, एसपी घायल, सीतामढ़ी में डीएम ऑफिस पर हमला, पटना- भागलपुर में लाठीचार्ज, छह जिलों से पथराव और हिंसक झड़प, भाग गई पुलिस

बिहार बंद के दौरान सीवान, भागलपुर, छपरा, सीतामढ़ी समेत कई जिलों में पथराव, लाठीचार्ज और तनाव की स्थिति देखने को मिली है।

Bihar Bandh Violence Siwan SP Hurt Clashes Rock Six District
बिहार बंद ने पकड़ा हिंसक रूप- फोटो : social Media

Bihar Bandh:  NEET पेपर लीक, केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज के विरोध में छात्र संगठन आइसा  और राष्ट्रीय युवा आंदोलन के आह्वान पर बुलाया गया बिहार बंद कई जिलों में हिंसक हो गया। राज्य के अलग-अलग हिस्सों में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी झड़पें हुईं। सीवान, भागलपुर, छपरा, सीतामढ़ी समेत कई जिलों में पथराव, लाठीचार्ज और तनाव की स्थिति देखने को मिली।

सबसे ज्यादा तनाव सीवान में देखने को मिला, जहां प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया। इस दौरान सीवान के पुलिस अधीक्षक पूरन झा के हाथ में पत्थर लगने से चोट आई। इसके बाद पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पहले आंसू गैस के गोले छोड़े। इसके बाद फायरिंग भी की गई। प्रशासन के अनुसार, हालात पर काबू पाने के लिए बल प्रयोग करना पड़ा। घटना के बाद पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

राज्य के करीब छह जिलों से पथराव और हिंसक झड़पों की खबरें सामने आई हैं। छपरा में प्रदर्शनकारियों ने उग्र प्रदर्शन करते हुए सरकारी भवन पर चढ़कर पोस्टर फाड़ दिए। कुछ प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग उठाकर ले जाते भी दिखाई दिए। प्रदर्शन के कारण सड़क पर लंबा जाम लग गया, जिसमें एक न्यायिक अधिकारी की गाड़ी भी फंस गई।

भागलपुर में भी प्रदर्शन हिंसक हो गया। प्रदर्शनकारियों द्वारा पथराव किए जाने के बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को हटाने का प्रयास किया। इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारी पुलिस वाहन पर ईंट-पत्थर फेंकते दिखाई दिए। पुलिस ने अतिरिक्त बल बुलाकर स्थिति को नियंत्रित किया।

मधेपुरा में छात्र सड़कों पर उतरकर सरकार विरोधी नारेबाजी करते रहे। पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। वहीं बेगूसराय में प्रशासन ने ड्रोन कैमरों की मदद से पूरे प्रदर्शन की निगरानी की।

राजधानी पटना के गांधी मैदान के आसपास भी बड़ी संख्या में छात्र एकत्र हुए। पुलिस पहले से ही अलर्ट मोड में रही और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए।

सीतामढ़ी में भी प्रदर्शन के दौरान तनाव का माहौल रहा। छात्र ने डीएम ऑफिस पर पथराव किया है।इससे पहले विभिन्न्  संगठनों ने NEET पेपर लीक, छात्र आंदोलन पर कार्रवाई, केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग और अन्य मुद्दों को लेकर मार्च निकाला। प्रशासन के दावे फेल कर गए हैं।

इधर प्रशासन ने फिर स्पष्ट किया है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन हिंसा, पथराव, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पूरे राज्य में पुलिस और प्रशासन हाई अलर्ट पर है तथा संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी रखी जा रही है।