बिहार बंद : पटना में सड़कों पर बवाल, पुलिस से भिड़े छात्र, कई वाहनों में तोड़फोड़, भीड़ का फूटा गुस्सा
बिहार बंद के समर्थन में शनिवार सुबह से ही बड़ी संख्या में छात्र और प्रदर्शनकारी पटना के गांधी मैदान इलाके में जुटने लगे थे। प्रदर्शनकारी NEET पेपर लीक, छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर नारेबाजी कर रह
Bihar Band : NEET पेपर लीक, परीक्षा व्यवस्था में कथित अनियमितताओं और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर शनिवार को बुलाए गए बिहार बंद के दौरान पटना में हालात तनावपूर्ण हो गए। राजधानी की सड़कों पर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच जमकर टकराव हुआ। कई जगह प्रदर्शनकारियों ने पुलिस से भिड़ंत की, जबकि कुछ इलाकों में वाहनों में तोड़फोड़ की गई। गांधी मैदान और रामगुलाम चौक के आसपास प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस समय बिगड़ गई, जब प्रदर्शनकारी और पुलिस आमने-सामने आ गए। प्रदर्शनकारियों की ओर से पुलिस पर पथराव किए जाने के बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ा। इस दौरान इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
गांधी मैदान-रामगुलाम चौक पर भिड़ंत
बिहार बंद के समर्थन में शनिवार सुबह से ही बड़ी संख्या में छात्र और प्रदर्शनकारी पटना के गांधी मैदान इलाके में जुटने लगे थे। प्रदर्शनकारी NEET पेपर लीक, छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर नारेबाजी कर रहे थे। रामगुलाम चौक के पास प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तनाव बढ़ गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में झड़प हो गई। पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों की ओर से पथराव किया गया, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को मौके से हटाया। प्रदर्शन के दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों के मोबाइल टावर पर चढ़कर विरोध करने की भी सूचना सामने आई। इसके बाद पुलिस और प्रशासन ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी।
कई वाहनों में तोड़फोड़, सड़कों पर मचा हंगामा
पटना के अलग-अलग हिस्सों में बंद समर्थकों के प्रदर्शन के दौरान सड़क पर हंगामे की स्थिति बनी रही। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच टकराव के दौरान कई वाहनों में तोड़फोड़ किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रदर्शनकारियों को अलग-अलग दिशाओं में खदेड़ा। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। गांधी मैदान, रामगुलाम चौक, पटना विश्वविद्यालय और आसपास के इलाकों में पुलिस की विशेष निगरानी रही।
तेज प्रताप यादव भी पहुंचे गांधी मैदान
बिहार बंद के समर्थन में तेज प्रताप यादव भी तिरंगा लेकर गांधी मैदान पहुंचे। उनके पहुंचने के बाद प्रदर्शन स्थल पर राजनीतिक गतिविधियां और तेज हो गईं। बंद का आह्वान छात्र संगठनों AISA और राष्ट्रीय युवा आंदोलन (RYA) की ओर से किया गया था। प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगों में NEET पेपर लीक मामले में कार्रवाई, परीक्षा व्यवस्था में सुधार, छात्रों पर पुलिस कार्रवाई की जांच और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग शामिल है।
बिहार के कई जिलों में दिखा बंद का असर
पटना के अलावा गया, सहरसा, सासाराम, आरा और छपरा समेत बिहार के कई जिलों में भी बंद समर्थकों ने प्रदर्शन किया। कई जगह सड़क जाम कर नारेबाजी की गई। गया में प्रमुख चौक-चौराहों, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर सुरक्षा बढ़ाई गई। सहरसा में कचहरी चौक के पास प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम किया। सासाराम और आरा में भी बंद समर्थकों ने प्रदर्शन किया, जबकि छपरा में छात्रों ने नगरपालिका चौक पर सड़क पर बैठकर विरोध जताया।