Neet की तैयारी कर रहे छात्र ने पंखे से लटककर की आत्महत्या, मां बोली - वो तो टीवी देख रहा था.. फिर कब

रोहतास जिले के डेहरी में नीट (NEET) की तैयारी कर रहे 19 वर्षीय छात्र अंकित शेखर ने फंदे से लटककर अपनी जान दे दी। घटना के समय मां घर में ही मौजूद थी। शुरुआती जांच में छात्र के डिप्रेशन में होने की बात सामने आई है।

 Neet की तैयारी कर रहे छात्र ने पंखे से लटककर की आत्महत्या,

Dehri/sasaram - घटना डेहरी नगर थाना क्षेत्र के धनटोलिया मोहल्ले की है, जहां रमन सिंह के मकान में किराए पर रह रहे स्टेशन मास्टर अमित कुमार के पुत्र अंकित शेखर ने शुक्रवार को सुसाइड कर लिया। बताया जा रहा है कि जब अंकित की मां मीनाक्षी वर्मा स्नान करने के लिए बाथरूम में गई थीं, तभी अंकित ने अपने कमरे में पंखे के सहारे फंदा लगा लिया। जब मां बाहर निकलीं और कमरे का दृश्य देखा, तो उनकी चीख निकल गई। 

डिप्रेशन की दवाइयां और FSL की जांच

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए नगर थानाध्यक्ष शिवेंद्र कुमार ने एफएसएल (FSL) टीम को मौके पर बुलाया। जिला विधि विज्ञान प्रयोगशाला के पदाधिकारी प्रभात कुमार ने घटनास्थल से अंकित का मोबाइल, टैबलेट और किताबें जब्त की हैं। जांच के दौरान यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि अंकित पिछले कुछ समय से डिप्रेशन (अवसाद) की दवाइयां खा रहा था। कमरे की वीडियो रिकॉर्डिंग की गई है ताकि किसी भी संदिग्ध पहलू की जांच की जा सके। 

स्टेशन मास्टर पिता और पटना में पढ़ने वाला भाई

अंकित के पिता अमित कुमार करवनदिया रेलवे स्टेशन पर स्टेशन मास्टर के पद पर तैनात हैं और घटना के वक्त वे पटना में थे। छोटा बेटा अंकित मेडिकल की तैयारी कर रहा था, जबकि उसका बड़ा भाई भी पटना में रहकर उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहा है। हंसते-खेलते परिवार पर इस घटना ने दुखों का पहाड़ तोड़ दिया है। पिता को जैसे ही सूचना मिली, वे बदहवास हालत में डेहरी के लिए रवाना हुए।

"सब कुछ सामान्य था" - परिजनों का बयान

अंकित की मां और घर में काम करने वाली महिला सुनीता देवी का कहना है कि अंकित के व्यवहार में कोई बदलाव नहीं दिखा था। वह कोचिंग से लौटा, खाना खाया और टीवी देख रहा था। पड़ोसियों के अनुसार, अंकित बहुत ही शांत स्वभाव का था और अपना ज्यादातर समय किताबों के बीच ही बिताता था। मोहल्ले के लोगों को यकीन नहीं हो रहा कि इतना होनहार लड़का ऐसा कदम उठा सकता है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतज़ार

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया है। सब इंस्पेक्टर अंजलि तिवारी ने बताया कि शुरुआती साक्ष्य आत्महत्या की ओर इशारा कर रहे हैं, लेकिन मौत की असली वजह और समय की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। पुलिस अब अंकित के डिजिटल डिवाइसेज (मोबाइल और टैबलेट) की जांच कर रही है ताकि यह पता चल सके कि क्या वह किसी हालिया मानसिक तनाव या दबाव से गुजर रहा था।

रिपोर्ट -  रंजन राजपूत