Bihar Airport Expansion: पटना-दरभंगा समेत 3 एयरपोर्ट का विस्तार, हवाई सफर को मिलेगी रफ्तार, 5 नए शहरों को जोड़ने की योजना

Bihar Airport Expansion: पटना, दरभंगा और गया एयरपोर्ट के विस्तार पर सहमति बन गई है। इस दौरान बिहार के कई छोटे शहरों से भी जल्द विमान सेवा शुरू करने की तैयारी जारी है।

Bihar Airport Expansion
बिहार में हवाई नेटवर्क मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम- फोटो : freepik

Bihar Airport Expansion: बिहार में हवाई सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मंगलवार को नई दिल्ली में हुई हाईलेवल बैठक में राज्य के कई एयरपोर्ट के विस्तार और नई उड़ान सेवाओं को लेकर अहम फैसले लिए गए। बैठक में पटना, दरभंगा और गया एयरपोर्ट के रनवे विस्तार पर सहमति बनी, जबकि कई छोटे एयरपोर्ट से जल्द विमान सेवा शुरू करने की तैयारी भी तेज कर दी गई है।

जेडीयू सांसद संजय झा ने बताया कि केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू के साथ हुई बैठक में बिहार के एयरपोर्ट से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक में एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया और मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।

पटना एयरपोर्ट का रनवे बढ़ेगा

बैठक में पटना एयरपोर्ट के रनवे को करीब 300 मीटर तक बढ़ाने पर सहमति बनी। इसके अलावा एयरपोर्ट पर सिंपल एप्रोच लाइट लगाने की योजना पर भी चर्चा हुई। इसके लिए राज्य सरकार से लगभग 49 एकड़ जमीन उपलब्ध कराने को कहा गया है। सरकार का कहना है कि रनवे विस्तार और नई तकनीकी सुविधाओं से पटना एयरपोर्ट पर विमानों की आवाजाही और ज्यादा सुरक्षित और आसान हो जाएगी।

दरभंगा एयरपोर्ट को मिलेगा अंतरराष्ट्रीय दर्जा

दरभंगा एयरपोर्ट को इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनाने की दिशा में भी बड़ी प्रगति हुई है। एयरपोर्ट के रनवे को 12 हजार फीट तक बढ़ाने की योजना बनाई गई है। इसके लिए 90 एकड़ जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। जानकारी के अनुसार अगले दो सप्ताह में यह जमीन एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया को सौंप दी जाएगी। इस मामले में रक्षा मंत्रालय के साथ भी जल्द बैठक होगी। माना जा रहा है कि दरभंगा से अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरू होने पर मिथिला और उत्तर बिहार के लोगों को बड़ा फायदा मिलेगा और विदेश यात्रा आसान हो जाएगी।

पूर्णिया एयरपोर्ट पर बनेगा नया टर्मिनल

पूर्णिया एयरपोर्ट को लेकर भी अहम फैसला लिया गया है। यहां नए स्थायी टर्मिनल भवन के निर्माण के लिए जल्द टेंडर जारी किया जाएगा।सरकार का कहना है कि पूर्णिया एयरपोर्ट तेजी से विकसित हो रहा है और आने वाले समय में यात्रियों की संख्या में काफी बढ़ोतरी हो सकती है।

गया एयरपोर्ट के विस्तार पर भी चर्चा

बैठक में गया एयरपोर्ट के रनवे विस्तार पर भी चर्चा हुई। केंद्र सरकार ने इसके लिए अतिरिक्त जमीन उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।गया एयरपोर्ट के विस्तार से बौद्ध पर्यटन और धार्मिक यात्रा को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। बड़ी संख्या में विदेशी पर्यटक गया आते हैं, इसलिए एयरपोर्ट विस्तार को अहम माना जा रहा है।

राजगीर और सुल्तानगंज के लिए भी योजना

केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ने कहा कि राजगीर को एविएशन मैप पर लाने की तैयारी की जाएगी। इसके साथ ही बौद्ध सर्किट और धार्मिक पर्यटन स्थलों को हवाई सेवा से जोड़ने पर काम होगा।सुल्तानगंज एयरपोर्ट को लेकर भी सकारात्मक खबर सामने आई है। प्रारंभिक व्यवहार्यता रिपोर्ट को अच्छा बताया गया है। इससे भागलपुर और आसपास के क्षेत्रों में विकास की नई संभावनाएं बढ़ सकती हैं।

छोटे शहरों से भी शुरू होगी उड़ान सेवा

सरकार ने बीरपुर, वाल्मीकिनगर, सहरसा और मुजफ्फरपुर एयरपोर्ट से छोटे विमानों की सेवा शुरू करने पर भी सहमति दी है। इसके लिए जून 2026 तक टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। माना जा रहा है कि इन सेवाओं के शुरू होने से छोटे शहरों के लोगों को भी आसानी से हवाई यात्रा की सुविधा मिल सकेगी और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी मजबूत होगी।