दानापुर-सगुना मोड़ के पास 'प्राइम स्क्वायर' का भूमि पूजन, प्राइम ग्रुप विकसित करेगा नया कमर्शियल हब
Patna : प्राइम ग्रुप के नए कमर्शियल प्रोजेक्ट ‘प्राइम स्क्वायर’ का भूमि पूजन राजधानी पटना के दानापुर-सगुना मोड़ क्षेत्र में विधिवत संपन्न हुआ। दानापुर-खगौल रोड पर सगुना मोड़ से करीब 300 मीटर की दूरी पर और पनाश बैंक्वेट हॉल के समीप विकसित होने वाला यह प्रोजेक्ट आने वाले समय में क्षेत्र का एक प्रमुख व्यावसायिक केंद्र बनेगा।
कमर्शियल शॉप्स, ऑफिस स्पेस और लग्जरी होटल की मिलेगी सुविधा
प्राइम ग्रुप की योजना ‘प्राइम स्क्वायर’ को दानापुर-खगौल रोड के सबसे आकर्षक और प्रीमियम कमर्शियल प्रोजेक्ट के रूप में स्थापित करने की है। इसके तहत आधुनिक कमर्शियल शॉप्स, कॉर्पोरेट ऑफिस स्पेस और लग्जरी होटल विकसित किए जाएंगे। इसे आधुनिक वास्तुशिल्प, विश्वस्तरीय सुविधाओं और एक बेहतर व्यावसायिक माहौल के साथ तैयार किया जा रहा है।
बिहार में प्राइम ग्रुप का 8वां प्रोजेक्ट, जल्द आएगी लग्जरी टाउनशिप
महाराष्ट्र, कोलकाता और बेंगलुरु में अपनी मजबूत मौजूदगी के बाद बिहार में यह प्राइम ग्रुप का आठवां प्रोजेक्ट है। भूमि पूजन के अवसर पर चेयरमैन अपूर्व गौरव ने बताया कि ग्रुप बिहार में अपने विस्तार को लेकर प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि समूह जल्द ही दानापुर-खगौल रोड पर बिहार की सबसे लग्जरी टाउनशिप परियोजनाओं में से एक लेकर आने वाला है।
समारोह में कई प्रमुख गणमान्य लोग रहे मौजूद
भूमि पूजन समारोह के दौरान प्राइम ग्रुप के चेयरमैन अपूर्व गौरव, मनीष किशोर एवं अभय कुमार सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा वरिष्ठ अधिवक्ता विनय कुमार, अधिवक्ता विशाल चंद्रा, समाजसेवी साकेत कुमार सिंह और अविनाश कुमार सहित कई अन्य गणमान्य अतिथियों ने कार्यक्रम में भाग लिया।
रोहित की रिपोर्ट