बाढ़ के बेढ़ना गांव में चार लोगों की संदिग्ध मौत से पसरा मातम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

बाढ़ के बेढ़ना गांव में चार लोगों की संदिग्ध मौत से पसरा मात
चार लोगों की संदिग्ध मौत से गांव में मातम- फोटो : रवि शंकर

Patna : पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत बाढ़ थाना क्षेत्र के बेढ़ना गांव स्थित सैदपुर टोला में चार लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। एक साथ चार लोगों की जान चले जाने से गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरा गांव इस हृदयविदारक घटना से सदमे में है।


घर का मुख्य सहारा था पंकज, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़ 

मृतकों में शामिल पंकज कुमार के घर में परिजनों की चीख-पुकार मची हुई है। पंकज की भतीजी अनु कुमारी ने रोते हुए बताया कि वे चार भाई थे, जिनमें से दो भाइयों की मौत पहले ही हो चुकी थी। रविवार को पंकज घर में भोजन (चिकन) करने के बाद दलान जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन थोड़ी ही देर बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने की सूचना मिली। अनु कुमारी ने बताया कि उनके चाचा पंकज ही पूरे परिवार के एकलौते कमाऊ सदस्य थे और सभी का भरण-पोषण करते थे।


चार साल पहले हुई थी निशु की शादी, दो साल के मासूम के सिर से उठा पिता का साया 

इस संदिग्ध मामले में जान गंवाने वाले निशु कुमार की शादी महज चार साल पहले हुई थी। निशु की असमय मौत के बाद उनका 2 साल का मासूम बेटा अपने दादा राजीव सिंह की गोद में दुबका नजर आया। पति की मौत से पत्नी और मां का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता राजीव सिंह ने भारी मन से कहा कि अब इस नन्हे बच्चे की देखभाल और भविष्य की जिम्मेदारी कौन उठाएगा? उन्होंने सरकार और प्रशासन से मासूम के जीवन-यापन के लिए आर्थिक मदद की गुहार लगाई है।


एक साथ चार चिराग बुझने से उठे कई सवाल 

सैदपुर टोला में एक ही दिन में चार लोगों की संदिग्ध मौत के बाद हर कोई स्तब्ध है। गांव का हर नागरिक इसी सोच में डूबा है कि आखिर ऐसा क्या हुआ जिससे देखते ही देखते चारों घरों के चिराग हमेशा के लिए बुझ गए। घटना के बाद से पीड़ित परिवारों के घर सांत्वना देने वालों का तांता लगा हुआ है।


रविशंकर की रिपोर्ट