Bhojpur Police Encounter:भोजपुर में पुलिस से भिड़ गया था विक्षिप्त युवक,ताबड़तोड़ फायरिंग के बाद मुठभेड़; PMCH में मौत!
भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में पुलिस और मानसिक रूप से परेशान युवक भरत तिवारी के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग करने वाले युवक की पैर में गोली लगने के बाद पटना के PMCH में इलाज के दौरान मौत हो गई।
बिहार के भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बिलौटी गांव में बुधवार की सुबह पुलिस और एक युवक के बीच हुई मुठभेड़ में घायल भरत तिवारी की मौत हो गई है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में युवक के दोनों पैरों में गोली लगी थी, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया था। उसे बेहतर इलाज के लिए पटना के पीएमसीएच (PMCH) रेफर किया गया था, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद से इलाके में तनाव और शोक का माहौल है। PMCH में मृतक का पोस्टमार्टम जारी है।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पहुंची थी पुलिस
बताया जाता है कि मृतक भरत भूषण तिवारी पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से काफी परेशान था। हाल ही में उसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें वह हथियार के साथ नजर आ रहा था। वीडियो सामने आने के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए शाहपुर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम मंगलवार को जांच करने और उसे समझाने के लिए उसके घर पहुंची थी।
थानाध्यक्ष के समझाने पर अचानक उग्र हुआ था युवक
वायरल वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक अर्धनिर्मित मकान में खटिया पर युवक पिस्टल लेकर लेटा हुआ था, जबकि थानाध्यक्ष बगल में कुर्सी पर बैठकर बेहद शांति से उससे बात कर रहे थे। वहीं पास में युवक की मां भी बैठी थी। इसी बीच बातचीत के दौरान जैसे ही दो हथियारबंद पुलिसकर्मी उसकी ओर बढ़े, उन्हें देखकर युवक अचानक उग्र हो गया और पुलिसकर्मियों पर सीधे पिस्टल तान दी। हालांकि, उस वक्त थानाध्यक्ष और उसकी मां ने किसी तरह उसे शांत कराया।
बुधवार की सुबह पुलिस टीम पर की ताबड़तोड़ फायरिंग
मंगलवार की घटना के बाद पुलिस उसे सुरक्षित अपने कब्जे में लेने और इलाज के लिए भेजने के प्रयास में जुटी थी। इसी कड़ी में बुधवार की सुबह पुलिस टीम दोबारा बिलौटी गांव पहुंची। पुलिस को देखते ही युवक फिर से आपा खो बैठा और गाली-गलौज करते हुए पुलिसकर्मियों को पिस्टल लेकर दौड़ाने लगा। इसके बाद युवक ने आत्मसमर्पण करने के बजाय पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने चलाई गोली, घटनास्थल से हथियार बरामद
युवक द्वारा किए गए इस अचानक हमले के बाद पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की ओर से की गई फायरिंग में दो गोलियां युवक के पैरों में लगीं, जिसके बाद उसे तुरंत हिरासत में लेकर शाहपुर रेफरल अस्पताल और फिर आरा सदर अस्पताल ले जाया गया। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल की तलाशी ली, जहां से एक अवैध पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, एक मैगजीन और दो खोखे बरामद किए गए हैं।
एसपी ने कहा- आत्मरक्षा में पुलिस ने दागीं गोलियां
मामले की जानकारी देते हुए भोजपुर एसपी मिस्टर राज ने बताया कि मानसिक रूप से विक्षिप्त युवक पूर्व में भी पुलिसकर्मियों और अन्य जगहों पर दो दर्जन से अधिक राउंड फायरिंग कर चुका था। बुधवार को मुठभेड़ के दौरान जब उसने पुलिस पर सीधे गोलियां बरसाईं, तब जवाबी कार्रवाई में पुलिस की तरफ से तीन राउंड फायरिंग की गई। पैर में गोली लगने के बाद उसे अस्पताल भेजा गया था, लेकिन पीएमसीएच में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
रिपोर्ट - रंजीत कुमार