55 लाख के हीरा-पन्ना जड़ित मुकुट से सुशोभित होंगे बप्पा, पटना के महाराष्ट्र मंडल में 14 सितंबर से गणेश उत्सव

55 लाख के हीरा-पन्ना जड़ित मुकुट से सुशोभित होंगे बप्पा, पटन
पटना के महाराष्ट्र मंडल में 14 सितंबर से गणेश उत्सव- फोटो : रोहित

Patna : राजधानी पटना में गणेश उत्सव को लेकर तैयारियां पूरी हो गई हैं। दरोगा प्रसाद राय पथ स्थित महाराष्ट्र मंडल में इस वर्ष 14 से 20 सितंबर तक गणेश उत्सव का आयोजन किया जाएगा। उत्सव के दौरान गणपति बप्पा को करीब 55 लाख रुपये मूल्य के हीरा-पन्ना जड़ित मुकुट से सजाया जाएगा। खास बात यह है कि इस मुकुट को मुंबई के ज्वेलरी बाजार के कारीगरों ने तैयार किया है।


350 ग्राम सोने से तैयार हुआ खास मुकुट

महाराष्ट्र मंडल में स्थापित होने वाली गणपति प्रतिमा के लिए तैयार किए गए इस विशेष मुकुट में हीरा, पन्ना और अन्य कीमती रत्न लगाए गए हैं। जानकारी के अनुसार, करीब 350 ग्राम सोने से बने इस मुकुट में छह कैरेट का बड़ा हीरा जड़ा हुआ है। इसके अलावा मुकुट के आसपास माणिक, पन्ना और छोटे-छोटे हीरों का इस्तेमाल किया गया है।


महाराष्ट्र मंडल के सचिव संजय भोंसले के मुताबिक, गणपति की प्रतिमा और मुकुट पटना पहुंच चुके हैं। गणेश उत्सव के दौरान बप्पा का यह भव्य श्रृंगार श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगा।


14 सितंबर को होगी प्राण प्रतिष्ठा

गणेश उत्सव की शुरुआत 14 सितंबर को सुबह करीब 9:30 बजे गणपति बप्पा की प्राण प्रतिष्ठा के साथ होगी। इसके बाद आरती और पूजा का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के भी शामिल होने की बात कही गई है। इसके अगले दिन 15 सितंबर को सुबह 10:30 बजे आरती होगी। वहीं शाम करीब 7:30 बजे राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन आरती में शामिल होंगे।


सात दिनों तक चलेगा उत्सव

महाराष्ट्र मंडल में गणेश उत्सव के दौरान 14 से 20 सितंबर तक अलग-अलग धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 16, 17, 18 और 19 सितंबर को सुबह 10:30 बजे आरती एवं दर्शन और शाम 7:30 बजे आरती का आयोजन होगा। 55 लाख रुपये के कीमती मुकुट से सजे गणपति बप्पा के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। मंडल की ओर से उत्सव को लेकर विशेष तैयारियां की जा रही हैं।


रोहित की रिपोर्ट